VIT यूनिवर्सिटी में घटिया खान-पान से हुआ छात्रों को पीलिया, अस्पताल में भर्ती: 4000 स्टूडेंट्स ने गुस्से में बसें-कारें जलाई, प्रशासन ने 30 नवंबर तक छुट्टी का ऐलान किया

मध्य प्रदेश के सीहोर की VIT यूनिवर्सिटी में खराब खाना और पानी मिलने की शिकायत पर छात्रों का गुस्सा भड़क गया। मंगलवार (25 नवंबर 2025) रात करीब 4,000 छात्रों ने कैंपस में बसें और कारें जला दीं और एंबुलेंस में भी तोड़फोड़ की। विरोध के दौरान कथित तौर पर गार्ड्स द्वारा छात्रों के साथ मारपीट भी हुई।

बुधवार (26 नवंबर 2025) सुबह फिर से आगजनी की खबर आई, जिसके बाद भारी पुलिस बल तैनात किया गया। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने फिलहाल 30 नवंबर तक छुट्टियाँ घोषित कर दी हैं और छात्र अपने घर लौट रहे हैं। प्रशासन ने छात्रों की शिकायतों को हल करने का आश्वासन दिया है।

छात्रों के प्रदर्शन का कारण

VIT यूनिवर्सिटी के छात्र पिछले कुछ समय से घटिया खाने और पानी की शिकायत कर रहे थे। छात्रों का आरोप है कि खराब खाना-पानी पीने से कई छात्रों को पीलिया (Jaundice) हो गया है।

कुछ छात्रों की मौत तक की अफवाह उड़ी। हालाँकि, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मौत की खबरों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। फ़िलहाल 100 के करीब छात्र सीहोर, भोपाल और आष्टा के अस्पतालों में भर्ती हैं।

कैंपस में भयंकर बवाल

जब प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की, तो मंगलवार (25 नवंबर 2025) रात करीब 4,000 छात्र भड़क उठे। छात्रों ने यूनिवर्सिटी कैंपस में जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की। उन्होंने बसों और कारों में आग लगा दी और एक एंबुलेंस को भी नुकसान पहुँचाया।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि गार्ड्स ने उनके साथ मारपीट की। हालात बिगड़ने पर आष्टा, जावर, पारवती, कोतवाली और मंडी समेत पाँच पुलिस स्टेशनों से भारी पुलिस बल को मौके पर भेजा गया।

प्रशासन का एक्शन और वर्तमान स्थिति

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने हालात बिगड़ने के बाद 30 नवंबर 2025 तक छुट्टी घोषित कर दी है। पुलिस अधीक्षक (SP) दीपक शुक्ला ने बताया कि अभी स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है। बुधवार (26 नवंबर 2025) सुबह बड़ी संख्या में छात्र अपने घरों के लिए रवाना हो गए। SDM-SDOP को हॉस्टल में रहने वाले सभी बच्चों की समस्याओं और बीमार बच्चों की जानकारी लेने के लिए कहा गया है। यूनिवर्सिटी ने आश्वासन दिया है कि छात्रों की शिकायतों को प्रबंधन के साथ मिलकर हल किया जाएगा।