इंदौर में ₹31 लाख की ज्वेलरी चोरी का 10 दिन में खुलासा, पुलिस ने 300 CCTV खंगालकर हाशिम को रतलाम से दबोचा: अम्मी समेत 2 गिरफ्तार

मध्य प्रदेश की इंदौर पुलिस ने लसूड़िया इलाके में हुई 31 लाख रुपए की ज्वेलरी चोरी की वारदात को सिर्फ 10 दिनों में सुलझा लिया है। इस केस में पुलिस ने 300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले और लगातार निगरानी करते हुए आरोपित हाशिम अली को गिरफ्तार कर लिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह चोरी 16 नवंबर 2025 की शाम हुई थी, जब हाशिम घर की बालकनी तक दीवार चढ़कर पहुँचा और अलमारी में रखे सोने-चाँदी के जेवर लेकर फरार हो गया। मामला गंभीर होने पर पुलिस की एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने तकनीकी और मैदानी जाँच के आधार पर आरोपित का पीछा किया।

अंत में पुलिस को सफलता मिली और हाशिम अली को रतलाम से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए पूरे आभूषण भी जब्त कर लिए। जाँच के दौरान सामने आया कि चोरी के माल को आरोपित अपनी अम्मी के पास छिपाता था, जो चोरी की रकम को बेचने और उससे फायदा कमाने की कोशिश में शामिल थी।

इस वजह से पुलिस ने उसे भी केस में सह-आरोपित बनाते हुए गिरफ्तार किया। आरोपित के खिलाफ पहले भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह अपनी जीवनशैली सुधारने के नाम पर लगातार चोरी की वारदातें कर रहा था। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।