UP में 20 साल तक राम दुलारे चौबे बनकर रहा गुजरात का अब्दुल रहमान, फर्जी वोटर-आधार से हड़पी जमीन: PM आवास योजना से फूटा भांडा

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के छनवतिया गाँव में पहचान हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुजरात के वलसाड जिले के भिलाड़ा निवासी अब्दुल रहमान खान ने करीब 20 साल से मृत हिंदू व्यक्ति राम दुलारे चौबे की पहचान अपनाकर यहाँ बसकर फर्जी दस्तावेजों से जमीन हड़प ली।

ग्रामीणों के अनुसार, राम दुलारे की मौत 30 साल पहले हो चुकी थी, लेकिन अब्दुल ने 2007 में मोहम्मद असलम के वोटर कार्ड को एडिट कर अपनी नई पहचान बनाई।

2016 में कंप्यूटर से फर्जी आधार कार्ड तैयार कर नाम दो बार बदलवाकर उसने डेढ़ बिगहा जमीन मात्र तीन लाख रुपये में अपने नाम दर्ज करा ली। इस फर्जीवाड़े से सरकारी लाभ भी लिए गए। पीड़ित परिवार के सदस्य ने बताया, “हमारी पुश्तैनी जमीन फर्जी कागजों से छीन ली गई। आरोपी ने हमारे परिवार को ठगा, अब न्याय चाहते हैं।”

मामला तब खुलासा हुआ जब अब्दुल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन किया। सत्यापन में गलती से उसका असली गुजरात का आधार नंबर भेज दिया गया, जिससे असलियत सामने आई। इसके बाद वह फरार हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई।

बस्ती पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। एसपी डॉ. राम आशीष सिंह ने कहा, “आरोपित के स्थानीय संपर्कों, गतिविधियों और अवैध लेनदेन की तहकीकात की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियाँ सतर्क हैं, जल्द गिरफ्तारी होगी।”