तमिलनाडु के तटीय इलाकों में भारी बारिश, पुडुचेरी में हाई टाइड: चक्रवात दितवाह को लेकर 3 राज्यों में रेड अलर्ट, श्रीलंका में 150+ लोगों की हुई मौत

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात ‘दितवाह’ श्रीलंका को तबाह करने के बाद तेजी से उत्तर की ओर बढ़ रहा है। इसको देखते हुए तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में भारी बारिश का हाई-अलर्ट जारी किया जा चुका है। फिलहाल चक्रवात दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी श्रीलंका और तमिलनाडु के तटों पर के पास है और लगातार उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि उत्तर की ओर बढ़ते हुए चक्रवात रविवार (30 नवंबर 2025) की सुबह तमिलनाडु-पुडुचेरी के तट से कम से कम 50 km की दूरी पर और रविवार शाम तक 25 km की दूरी से पार करेगा। इसके बाद यह दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ जाएगा।

हालात को देखते हुए सरकार ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है. 6वीं बटालियन NDRF की 5 टीमें गुजरात के वडोदरा से एयरलिफ्ट कर चेन्नई भेज दी गईं हैं। इन टीमों के पास फ्लड वाटर रेस्क्यू (FWR) और कोलैप्स स्ट्रक्चर सर्च एंड रेस्क्यू (CSSR) उपकरण हैं।

साइक्लोन दितवाह के ड्राई एयर और वर्टिकल विंड शियर के साथ धीमा पड़ने की खबर है। मयिलादुथुराई में 140-220 mm के बीच बहुत भारी बारिश हुई है। तंजावुर और तिरुवरूर में डेल्टा के दूसरे हिस्सों में भी शिवगंगा और रामनाथपुरम के पास अच्छी बारिश हुई है।

इंडिया मेटियोरोलॉजिकल डिपार्टमेंट सिस्टम के सेंटर को कराईकल से 80 किलोमीटर पूरब में लगाया गया है। यह तट से करीब 25 किलोमीटर की दूरी पर है। सूखी हवा और हवा के झोंकों से इसकी ताकत कम हो रही है। तमिलनाडु के डेल्टा जिलों में रात भर में 220 मिलीमीटर तक भारी बारिश हुई, जिससे चेन्नई में फ्लाइट कैंसिल हो गईं, स्कूल बंद हो गए और 28 डिजास्टर रिस्पॉन्स टीमों को तैनात किया गया।

श्रीलंका में साइक्लोन ने भारी तबाही मचाई है। इसकी वजह से 153 लोग मारे गए जबकि 191 लोग लापता हो गए हैं। बाढ़ और लैंडस्लाइड से 5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।

भारत ने सबसे पहले श्रीलंका के लिए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। नेवी बोट और राहत सप्लाई के साथ ऑपरेशन सागर बंधु शुरू किया गया। आईएनएस विक्रांत से दो चेतक हेलिकॉप्टर बचाव कार्य में लगाए गए। अब तक 27 टन राहत सामग्री भेजी जा चुकी है। दो अर्बन सर्च एंड रेस्क्यू टीमों में 80 NDRF कर्मी श्रीलंका में तैनात हैं।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने X पर इसकी जानकारी देते हुए कहा, ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत आईएनएस विक्रांत से दो चेतक हेलिकॉप्टर श्रीलंका के राहतकर्मी के साथ सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशंस में लगे हुए हैं।

श्रीलंका में स्टारलिंक दिसंबर तक फ्री सर्विस दे रहा है। इस बीच कोलंबो एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक फँसे हुए हैं। उनके खाने पीने का इंतजाम किया गया है और हेल्प डेक्स बनाया गया है। भारत के हाई कमिश्नर सत्यांजल पांडे ने भारतीय पर्यटकों से मुलाकात की। हेल्प लाइन व्हाट्स एप नंबर +94 773727832 भी जारी किया है।