दिल्ली ब्लास्ट की जाँच में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। इसी क्रम में पटना NIA की टीम ने रविवार (30 नवंबर 2025) की तड़के खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र के सैदपुर गाँव में सेवानिवृत्त पोस्टमास्टर मोहम्मद हादी के घर छापेमारी की।
यह कार्रवाई सुबह करीब 3 बजे शुरू हुई, जिसमें लगभग आधा दर्जन अधिकारी शामिल थे। टीम ने करीब पाँच घंटे तक घर की तलाशी ली और लैपटॉप, मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जाँच की।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, NIA की टीम ने जाँच के दौरान घर की दीवारों पर मेटल डिटेक्टर का इस्तेमाल भी किया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री तो छिपाकर नहीं रखी गई है। जब जाँच दल घर पहुँचा, तब सभी सदस्य सो रहे थे और मुख्य दरवाजा बंद था।
ऐसे में सुरक्षा बल पहले दीवार फाँदकर परिसर में दाखिल हुए, फिर अंदर से मुख्य गेट खोलकर NIA अधिकारियों को प्रवेश कराया। अंदर आने के बाद टीम ने घर के मालिक को अपनी पहचान दी और जाँच के दौरान उनके सामने रहने का निर्देश दिया।
तलाशी के दौरान मोहम्मद हादी के बेटे का एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। NIA ने उसे 1 दिसंबर 2025 को पटना में उपस्थित होकर जाँच में सहयोग करने का निर्देश दिया है। तलाशी के दौरान घर के आसपास सुरक्षा बलों ने पूरे रास्ते को सील कर दिया था और आसपास के लोगों की आवाजाही भी रोक दी गई थी।

