बांग्लादेश की पूर्व PM खालिदा जिया की हालत नाजुक, चीन से ढाका पहुँचे डॉक्टर: PM मोदी बोले- भारत हर संभव मदद के लिए तैयार

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया की तबीयत लगातार नाजुक बनी हुई है। ढाका स्थित एवरेकेयर अस्पताल में उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में रखा गया है, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम 24 घंटे निगरानी में उनका इलाज कर रही है। जिया के इलाज के लिए चीन समेत अन्य देशों के डॉक्टर बांग्लादेश पहुँचे हुए हैं।

इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खालिदा जिया के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर उनकी भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने बांग्लादेश के सार्वजनिक जीवन में लंबे समय तक महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

पीएम मोदी ने X पर लिखा, “बांग्लादेश के सार्वजनिक जीवन में कई वर्षों तक योगदान देने वाली बेगम खालिदा जिया के स्वास्थ्य के बारे में जानकर गहरी चिंता हुई। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। भारत हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।”

पीएम मोदी का यह ट्वीट केवल औपचारिक सहानुभूति नहीं माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में इसे एक संकेतों से भरा संदेश बताया जा रहा है, क्योंकि खालिदा जिया देश में शेख हसीना के बाद सबसे प्रभावशाली नेता मानी जाती हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि यह भारत की ‘सॉफ्ट बैलेंसिंग’ रणनीति का हिस्सा हो सकता है। मोदी का ट्वीट ठीक उसी समय आया है, जब चीन से आए डॉक्टर ढाका में खालिदा जिया की चिकित्सा स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। विश्लेषकों का मानना है कि भारत का संदेश केवल मानवीय चिंता नहीं बल्कि क्षेत्रीय राजनीति में संतुलन साधने का भी संकेत है।