ट्रंप सरकार पर युद्ध अपराध के आरोप, डिफेंस सेक्रेटरी हेगसेथ ने ड्रग बोट पर ‘सबको मारो’ का दिया ऑर्डर: व्हाइट हाउस ने भी माना- टॉप लेवल से मिली थी कमांड

अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की नई सरकार पर भारी संकट मंडरा रहा है। डिफेंस सेक्रेटरी पीट हेगसेथ पर करीबी बोट पर हमले का आरोप लगा है, जो सितंबर में कैरेबियन सागर में हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, डिफेंस सेक्रेटरी पीट हेगसेथ ने ही ऑर्डर दिया था कि बोट पर ‘हर किसी को मार दो’। इस हमले में 11 लोग मारे गए और अब व्हाइट हाउस ने भी माना है कि यह ऑर्डर टॉप लेवल से आया था।

कानूनी एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह युद्ध अपराध हो सकता है और हेगसेथ को सजा हो सकती है। यह मामला 2 सितंबर 2025 का है, जब ट्रंप सरकार ने वेनेजुएला से ड्रग्स तस्करी रोकने के नाम पर कार्रवाई की।

वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, पहले हमले के बाद बोट के मलबे से दो लोग बच गए थे, जो पानी में तड़प रहे थे। फिर हेगसेथ के ऑर्डर पर दूसरा हमला किया गया, जिसमें उन बचे लोगों को भी मार दिया। आर्मी को पहले ही पता था कि सर्वाइवर्स पानी में हैं।

सोमवार (01 दिसंबर 2025) को व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलाइन लेविट ने इसकी सफाई दी। उन्होंने कहा, “सेक्रेटरी हेगसेथ ने एडमिरल फ्रैंक ब्रैडली को ये काइनेटिक स्ट्राइक्स करने की इजाजत दी। एडमिरल ने कानून के दायरे में रहते हुए बोट को पूरी तरह तबाह कर दिया, ताकि अमेरिका पर खतरा खत्म हो जाए।”

हेगसेथ ने पहले पोस्ट की रिपोर्ट को ‘फेक न्यूज’ कहा था और ट्रंप ने भी उन पर 100% भरोसा जताया। लेकिन अब व्हाइट हाउस के बयान से हंगामा मच गया है। डेमोक्रेट सीनेटर टिम केन ने कहा, “अगर ये सच है, तो ये युद्ध अपराध है।” रिपब्लिकन लॉमेकर माइक टर्नर ने भी माना, “अगर ऐसा हुआ, तो ये गैरकानूनी है, बहुत सीरियस मामला है।” सितंबर से अब तक ऐसे हमलों में 80 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।

बता दें कि ट्रंप सरकार वेनेजुएला के ड्रग कार्टेल्स के खिलाफ सख्ती का दावा कर रही है, लेकिन घर में ही आलोचना हो रही है। रिपब्लिकन लीड सीनेट आर्म्ड सर्विसेज कमिटी ने ‘विजरस ओवरसाइट’ की घोषणा की।

चेयरमैन सीनेटर रोजर विकर और डेमोक्रेट काउंटरपार्ट जैक रीड ने कहा, “हम साउथकॉम एरिया में नारकोटिक्स वेसल्स पर फॉलो-ऑन स्ट्राइक्स की रिपोर्ट्स से वाकिफ हैं। हमें ऑडियो-वीडियो का पूरा एक्सेस मिलेगा।” विकर ने जोर देकर कहा कि कमिटी को हमलों की पूरी डिटेल्स चाहिए।