मैकडॉनल्ड्स ने CSIR-CFTRI के साथ मिलकर लॉन्च किया मल्टी-मिलेट बन, बाजरा-रागी जैसे श्रीअन्न से बना हेल्दी बर्गर: ग्लोबल ब्रांड में देसी तड़के की खुशबू

भारत में मिलेट्स को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए McDonald’s India ने अपने बर्गर मेन्यू में मल्टी-मिलेट बर्गर बन की शुरुआत कर दी है। यह नया बन पाँच भारतीय मिलेट्स बाजरा, रागी, ज्वार, प्रोसो और कोदो के मिश्रण से बनाया गया है।

इसकी विशेषता यह है कि इसका फॉर्म्युलेशन CSIR के मैसूर स्थित सेंट्रल फ़ूड टेक्नोलॉजिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (CFTRI) द्वारा विकसित स्वदेशी तकनीक से तैयार किया गया है। यह तकनीक पहले खोज और प्रयोग के चरण में थी, लेकिन अब इसका इस्तेमाल  फूड इंडस्ट्री में शुरू हो चुका है।

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने एक्स पर इसकी घोषणा करते हुए इसे भारतीय विज्ञान और खाद्य नवाचार के लिए गर्व का क्षण बताया। McDonald’s द्वारा जारी नए पैकेजिंग की तस्वीरों में Multi-Millet Bun का लेबल भी देखा गया, जो बताता है कि यह प्रोडक्ट अब उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध है।

मिलेट्स स्वभाव से ग्लूटेन-फ्री, पोषक और पर्यावरणीय दृष्टि से टिकाऊ अनाज माने जाते हैं। CFTRI की तकनीक का उद्देश्य बेकरी उत्पादों का पोषण मूल्य बढ़ाना और भारतीय पारंपरिक अनाजों को आधुनिक फूड कल्चर में शामिल करना है। यह पहल न सिर्फ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक उपभोक्ताओं के लिए फायदेमंद है, बल्कि देशी कृषि को भी नई दिशा देती है।