उत्तर प्रदेश के देवरिया में तीन महीने पहले दर्ज हुआ भूमि आवंटन मामले में पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को लखनऊ क्राइम ब्राँच ने गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी मंगलवार (9 दिसंबर 2025) देर रात शाहजहाँपुर जंक्शन से की।
जानकारी के अनुसार, अमिताभ ठाकुर लखनऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे थे, तभी सादी वर्दी में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें ट्रेन के एसी कोच से उतारा। उनकी पत्नी नूतन ठाकुर को बुधवार (10 दिसंबर 2025) सुबह लखनऊ पुलिस ने फोन पर गिरफ्तारी की सूचना दी और बताया कि उन्हें पूछताछ के लिए देवरिया ले जाया जा रहा है।
भूमि आवंटन से जुड़े मामले में नूतन ठाकुर भी आरोपित हैं। नूतन ठाकुर ने बताया कि FIR तीन महीने पहले दर्ज हुई थी, जबकि वह 25 साल पहले ही उस जमीन पर कब्जा छोड़ चुकी थीं।
पहले नूतन ठाकुर ने पति के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए पोस्ट किया था, क्योंकि पुलिस ने उन्हें अचानक हिरासत में लिया था और कोई जानकारी नहीं दी थी। अमिताभ ठाकुर 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी थे, जिन्हें 2021 में उत्तर प्रदेश सरकार ने रिटायर कर दिया था।

