‘ब्रेनवॉश हो चुका है क्या, जो आतंकियों पर प्यार आ रहा है?’: धुरंधर मूवी को ‘पॉलिटिकल एजेंडा’ बता घिरे ऋतिक रौशन, नेटीजन्स ने लताड़ा

आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। कहानी, निर्देशन और रणवीर सिंह समेत पूरी स्टारकास्ट की दमदार अदाकारी ने दर्शकों को पूरी तरह प्रभावित किया है। सोशल मीडिया पर लगातार इसकी तारीफ हो रही है और फिल्म इंडस्ट्री के सितारे भी इसे सराह रहे हैं।

इसी कड़ी में ऋतिक रोशन ने भी फिल्म देखने के बाद अपना रिएक्शन साझा किया। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर ‘धुरंधर’ को लेकर लंबा नोट लिखा, जिसमें उन्होंने फिल्म की तारीफ तो की ही, साथ ही कुछ बातों पर असहमति भी जताई।

ऋतिक ने लिखा, “मुझे सिनेमा पसंद है, मुझे ऐसे लोग पसंद हैं जो किसी भंवर में फँस जाते हैं और कहानी को कंट्रोल करने देते हैं। उन्हें तब तक घुमाते हैं, हिलाते हैं जब तक कि वे जो कहना चाहते हैं, वह उनसे निकलकर स्क्रीन पर न आ जाए। धुरंधर इसका एक उदाहरण है। कहानी कहने का तरीका बहुत पसंद आया, यह सिनेमा है।”

एक्टर ने आगे लिखा, “फिर भी मैं इस फिल्म की राजनीतिक सोच (पॉलिटिक्स) से पूरी तरह सहमत नहीं हूँ, मैं इस बात पर लंबी बहस कर सकता हूँ कि दुनिया के नागरिक और जिम्मेदार इंसान होने के नाते हम फिल्मकारों से क्या उम्मीद रखते हैं और उन्हें क्या जिम्मेदारी निभानी चाहिए। फिर भी मैं इस बात को नजरअंदाज नहीं कर सकता कि सिनेमा के स्टूडेंट के तौर पर मैंने इसे कितना पसंद किया और इससे कितना कुछ सीखा। कमाल की फिल्म है।”

सोशल मीडिया पर जमकर हुई ऋतिक की आलोचना

ऋतिक की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने जमकर ऋतिक की आलोचना की। ऋतिक की इंस्टा स्टोरी का स्क्रिनशॉट शेर करते हुए एक यूजर ने लिखा, “धुरंधर क्या दिखाता है: कंधार हाईजैक के लिए पाकिस्तान जिम्मेदार, संसद हमले के लिए पाकिस्तान जिम्मेदार, 26/11 के लिए पाकिस्तान जिम्मेदार। ऋतिक रोशन को लगता है कि यह सब राजनीति है या शायद उसने यह सब अपनी जिहादी गर्लफ्रेंड सबा आजाद को खुश करने के लिए कहा होगा। लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, फर्क इस बात से पड़ता है कि जब उसकी अगली फिल्म रिलीज हो तो हिंदुओं को यह बात याद रखनी चाहिए।”

इसी तरह एक अन्य यूजर ने लिखा, “ऋतिक रोशन ने ‘धुरंधर’ को राजनीति बताया और फिल्ममेकर्स को जिम्मेदार बनने की सलाह दी। इससे यह कन्फर्म होता है कि ये एलीट बॉलीवुड फैमिली के प्रोडक्ट असली दुनिया के बारे में कितने ब्रेनवाश हैं, जो आतंकवादी पाकिस्तान से प्यार करने वाले वामपंथी/इस्लामवादियों द्वारा बनाए गए इकोसिस्टम से घिरे हुए हैं।”

एक यूजर ने सवाल किया कि एक भारतीय होने के नाते इसमें असमत होने जैसा क्या है? यूजर ने लिखा, “एक्टर ऋतिक रोशन सामने आए हैं और उन्होंने खुलकर कहा है कि वह धुरंधर की पॉलिटिक्स और नजरिए से सहमत नहीं हैं और किसी ने इस पर ध्यान भी नहीं दिया क्योंकि वह आदमी अब इतना ज्यादा बेकार हो गया है। एक भारतीय होने के नाते, धुरंधर में ऐसा क्या है जिससे असहमत हुआ जाए या जिससे तालमेल न बैठे? बहुत अजीब है।”

एक यूजर ने एक्टर की टिप्पणी को शर्मनाक बताते हुए लिखा, “शर्मनाक, ऋतिक रोशन ने धुरंधर फिल्म को राजनीतिक प्रोपेगेंडा बताया, जिन्होंने जोधा अकबर जैसी फिल्म बनाई और मुगलों का महिमामंडन किया। जोधा अकबर एक दाऊदवुड इस्लामवादी प्रचार फिल्म थी, धुरंधर नहीं।”

हिम्मतवाला एक्टर बताकर कुछ यूजर समर्थन में भी उतरे

एक यूजर ने एक्टर की तारीफ करते हुए लिखा, “मैं धुरंधर की पॉलिटिक्स से सहमत नहीं हूँ और फिल्ममेकर्स को दुनिया के नागरिक के तौर पर जिम्मेदारियाँ निभानी चाहिए” – ऋतिक रोशन #धुरंधर पर। आखिरकार एक स्पाइन वाला बॉलीवुड एक्टर मिला! रिस्पेक्ट।”

वहीं एक यूजर ने भी ऋतिक की टिप्पणी का समर्थन किया। उसने लिखा, “मैं धुरंधर की पॉलिटिक्स से असहमत हूँ और फिल्ममेकर्स को दुनिया के नागरिक के तौर पर ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए” – ऋतिक रोशन #धुरंधर पर, आखिरकार बॉलीवुड में एक ऐसा हीरो मिला जिसकी स्पाइन काम करती है। ऋतिक रोशन को पूरा सपोर्ट, अगर आदित्य धर की चलती, तो वह आजीदी की लड़ाई का क्रेडिट मोदी को दे देते।

यूजर ने लिखा कि किसी को ज्यादा देशभक्त दिखाने के लिए असली किरदारों के साथ एक काल्पनिक कहानी, अगर अजीत डोभाल सच में इतने महान हैं तो वह सीधे अपना नाम इस्तेमाल क्यों नहीं कर रहे हैं। हालाँकि यूजर के इस पोस्ट पर उसकी भी आलोचना की जा रही है।