‘ट्रक ने हमें ऐसे रौंदा जैसे मारने ही आया था’: संदेशखाली केस के गवाह का बयान, जानें घटना के चश्मदीद ने क्या कहा?

पश्चिम बंगाल के चर्चित संदेशखाली हिंसा प्रकरण में हालिया घटनाक्रम ने पूरे मामले को और भी सनसनीखेज बना दिया है। TMC के निलंबित नेता शाहजहाँ शेख के खिलाफ मुख्य गवाह भोलानाथ घोष की कोर्ट जाते हुए कार को निशाना बनाया गया। सामने से आ रहे ट्रक ने घोष की कार को कुचल दिया, जिसमें उसके बेटे सत्यजीत घोष और ड्राइवर शहनूर मोल्ला की मौत हो गई।

दरअसल, यह हादसा बुधवार (10 दिसंबर 2025) को बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के बसंती राजमार्ग के पास हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, एक ट्रक उलटी तरफ से कार की ओर बढ़ रहा था और अचानक कार को कुचल दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कार कुछ दूरी तक घसीटती चली गई। टक्कर के बाद ट्रक सड़क किनारे पड़ा मिला जबकि ड्राइवर फरार था।

इस टक्कर में मुख्य गवाह भोलानाथ घोष को गंभीर चोटें आईं। घोष और उनके परिवार ने TMC के निलंबित नेता शाहजहाँ शेख पर जानबूझ कर हमला करवाने का आरोप लगाया है। अस्पताल में गंभीर रूप से घायल घोष ने कहा, “जिस तरह ट्रक हमारी कार से टकराया, उससे साफ है कि यह मुझे मारने की नीयत से किया गया था। मैं इस केस का अहम गवाह हूँ, इसलिए मुझे रास्ते से हटाने की कोशिश की गई। सब कुछ पूर्व नियोजित लग रहा था।”

टक्कर पर BJP ने ममता सरकार को घेरा

संदेशखाली केस के मुख्य गवाह भोलानाथ घोष के कार पर ट्रक की टक्कर बीजेपी ने कड़ी निंदा की। बीजेपी नेता अमित मालवीय ने ममता बनर्जी सरकार पर सीधा हमला करते हुए कहा, “मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के राज में कानून-व्यवस्था की यह हालत है। शेख शाहजहाँ जेल में बैठकर एक-एक करके गवाहों को खत्म कर रहा है। क्या इसमें कोई शक है कि उसे ममता बनर्जी का संरक्षण मिला हुआ है?”

बीजेपी नेता ने कहा कि यह घटना गवाहों को डराने और सबूत खत्म करने की चाल है। बशीरहाट पुलिस ने जाँच शुरू कर दी है और ट्रक को खोजने की कोशिश की जा रही है। हालाँकि, पुलिस का कहना है कि परिवार की ओर से साजिश या हत्या को लेकर अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है।

गौरतलब है कि शेख शाहजहाँ इस समय न्यायिक हिरासत में है और उसके खिलाफ ED अधिकारियों पर हमला, जमीन कब्जाने और महिलाओं के यौन शोषण जैसे कई गंभीर आरोप लंबित हैं।