संदेशखाली केस के मुख्य गवाह भोलानाथ घोष की रास्ते में हाइवे पर ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में घोष के बेटे सत्यजीत घोष, कार ड्राइवर शहनूर मोला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भोला घोष को गंभीर चोटें आई हैं। हादसा तब हुआ जब भोला घोष पूर्व TMC नेता शाहजहाँ शेख से जुड़े एक मामले के लिए कोर्ट जा रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले की है। ट्रक हाई स्पीड में सामने से कार की ओर बढ़ रहा था, जिसने कार को कुचल दिया और तब तक घसीटा जब तक वह पास के जल निकाय में नहीं गिर गया। बाद में ट्रक हाइवे के किनारे पड़ा मिला जबकि ड्राइवर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने घायल भोला घोष को अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
वही, भोलानाथ घोष के परिवार ने दावा किया कि यह हत्या का सुनियोजित प्रयास था। परिवार ने आरोप लगाया कि शाहजहाँ ने जेल में बैठे-बैठे इस अपराध को अंजाम दिया है। साथ ही भोलानाथ घोष ने भी यही कहा कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ किया गया हमला था। हालाँकि, मामले को लेकर CBI ने जाँच शुरू कर दी है।
बता दें कि शाहजहाँ TMC का पूर्व नेता है, जिसपर संदेशखाली में हिंदुओं पर अत्याचार करने के आरोप हैं। भोलानाथ घोष इस मामले के मुख्य गवाह हैं। फिलहाल शाहजहाँ इसी मामले में जेल में बंद है। उसकी गिरफ्तारी के कुछ घंटो बाद ही TMC ने उसे निष्कासित कर दिया था।

