उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में पुलिस ने रीना बेगम और उसका शौहर राशिद अली को भारत में अवैध रूप से घुसपैठ करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह मामला तब सामने आया जब महिला द्वारा हाल ही में सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो ‘बाय-बाय बांग्लादेश’ पर पुलिस का ध्यान गया।
सऊदी अरब में हुई मुलाकात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रीना बेगम बांग्लादेश की नागरिक है और उसके पास बांग्लादेश का पासपोर्ट भी मौजूद है। इन दोनों की मुलाकात सऊदी अरब में हुई थी, जहाँ वे दोनों एक अस्पताल में नौकरी करते थे। दोनों में दोस्ती हुई और करीब छह साल पहले उन्होंने वहीं निकाह कर लिया था।
इस साल मार्च में रीना बांग्लादेश लौट आई और बाद में राशिद भी वहीं पहुँचा। इसके बाद 9 अक्टूबर 2025 को दोनों नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए और अमरोहा के मंडी धनौरा क्षेत्र में रहने लगे।
पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद तुरंत जाँच शुरू की गई। जाँच में यह पाया गया कि दोनों मियाँ-बीवी बिना किसी वैध दस्तावेज के भारत में रह रहे थे। फ़िलहाल दोनों पुलिस की हिरासत में हैं। पुलिस अब इस बात की भी गहन जाँच कर रही है कि उनकी घुसपैठ के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल थे।

