कॉन्ग्रेस-CPM नेताओं के भाषण के बाद भड़की हिंसा, दीवारें तोड़कर जलाई गई गाड़ियाँ: एथनोल फैक्ट्री पर हमले के बाद राजस्थान के हनुमानगढ़ में 108 पर हुई FIR

राजस्थान के हनुमानगढ़ में राठीखेड़ा एथनोल फैक्ट्री पर 10 दिसंबर 2025 को हमला हुआ। इस हमले ने किसान आंदोलन और राजनीतिक सियासत को आमने-सामने ला दिया। पुलिस ने कॉन्ग्रेस और CPM के नेताओं पर उकसाने का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज की है।

पुलिस के मुताबिक, किसान सभा में CPM नेता बलवान पूनिया, कॉन्ग्रेस विधायक अभिमन्यु पूनिया, सांसद कुलदीप इंदौरा और अन्य नेताओं ने भाषण दिए। आरोप है कि भाषणों से किसान उग्र हो गए और ट्रैक्टर, लाठी और अन्य हथियारों के साथ फैक्ट्री पर टूट पड़े। दीवारें तोड़ी गईं, गाड़ियों में आग लगाई गई और पुलिस पर भी हमला हुआ।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने अब तक 108 लोगों के खिलाफ नामजद कार्रवाई की है। इसमें हरियाणा और पंजाब के कुछ किसान नेता भी शामिल हैं। उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि हिंसा किसानों को भड़काकर करवाई गई और यह कॉन्ग्रेस सरकार की पुरानी मंजूरी का विरोध था।

किसान फैक्ट्री के पर्यावरणीय प्रभाव से परेशान हैं। यह 1320 KLPD क्षमता वाला प्लांट है, जिसमें 1 लीटर एथनोल बनाने के लिए 20–50 लीटर पानी लगेगा। इससे भूमिगत जल संकट पैदा होने की संभावना है।

आंदोलन अभी शांत नहीं हुआ है। 17 दिसंबर 2025 को कलेक्टर घेराव और महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस सभा में राकेश टिकैत और अन्य किसान नेता भी शामिल होंगे।