अनस ने ‘अश्विन’ बन की दोस्ती, फिर हिंदू युवती का जबरन रेप कर बनाया धर्मांतरण का दबाव: फोन से मिली कई लड़कियों की आपत्तिजनक तस्वीरें, इंदौर पुलिस ने दबोचा

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक हिंदू युवती का रेप करने और जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित अनस को गिरफ्तार कर लिया है। अनस ने युवती से अपना नाम अश्विन बताकर दोस्ती की थी।

लसूड़िया थाना पुलिस के मुताबिक, पेट्रोल पंप पर काम करने वाली 22 वर्षीय हिंदू युवती ने शिकायत में बताया कि ताज नगर, झलारिया रोड निवासी अनस ने खुद को हिंदू बताकर उससे दोस्ती की थी। पीड़िता ने बताया कि 7 दिसंबर 2025 को आरोपित ने पहली बार उसे स्टार चौराहे पर मिलने बुलाया और वहाँ से मामा-भांजे की दरगाह ले गया।

इसी दौरान आरोपित ने खुलासा किया कि वह हिंदू नहीं बल्कि मुस्लिम है और उसका असली नाम अनस है। इसके बाद उसने निकाह करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। सच्चाई सामने आने पर युवती ने निकाह से इनकार किया और घर लौट आई।

जान से मारने की दी धमकी

इसके बावजूद आरोपित ने 12 दिसंबर 2025 की रात दोबारा उसे मिलने बुलाया। बातचीत के बहाने वह उसे स्कीम नंबर-78 स्थित एक कमरे में ले गया, जहाँ कोई मौजूद नहीं था। वहाँ उसने पहले भावनात्मक दबाव बनाया और फिर इस्लाम अपनाने के लिए मजबूर करने लगा।

जब युवती ने विरोध किया और वहाँ से जाने की कोशिश की, तो आरोपित ने कथित तौर पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया, मारपीट की और धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देगा।

किसी तरह आरोपित के चंगुल से निकलकर युवती घर पहुँची और पूरी घटना अपनी माँ को बताई। इसके बाद वह अपनी माँ और हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं के साथ लसूड़िया थाने पहुँची, जहाँ मामला दर्ज कराया गया।

फोन से मिली और भी लड़कियों की आपत्तिजनक तस्वीरें

पुलिस ने आरोपित अनस को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान उसके मोबाइल फोन से अन्य युवतियों की आपत्तिजनक तस्वीरें और एक चाकू की फोटो भी बरामद हुई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जाँच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक राजकुमार टेटवाल ने आरोप लगाया कि आरोपित लंबे समय से युवती को प्रताड़ित कर रहा था और उसे धर्म परिवर्तन कराकर निकाह करने की योजना बना रहा था, लेकिन युवती की सतर्कता से उसका मंसूबा नाकाम हो गया। सूचना मिलने पर संगठन के कई कार्यकर्ता मौके पर पहुँचे और पीड़िता को न्याय दिलाने की माँग की।