‘साहब बांग्लादेशी हूँ, मुझे गिरफ्तार कर मेरे घर भेज दीजिए’: SIR से छटपटा रहे घुसपैठिए, नईमुल इस्लाम ने खुद थाने जाकर बंगाल पुलिस से लगाई वापस भेजने की गुहार

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के इंटाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार (12 दिसंबर 2025) की दोपहर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जब एक युवक खुद थाने पहुँचा और पुलिस से उसे गिरफ्तार कर बांग्लादेश भेजने की गुहार लगाने लगा। युवक ने डरते-डरते कहा, “साहब, मैं बांग्लादेशी नागरिक हूँ। मेरे पास यहाँ रहने को लेकर कोई वैध कागजात नहीं है। मुझे गिरफ्तार कर सीमा पार मेरे असल घर तक मुझे पहुँचा दीजिए।”

युवक ने अपना नाम नईमुल इस्लाम बताया। शुरुआत में पुलिस को लगा कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है लेकिन बातचीत के बाद साफ हो गया कि वह पूरी तरह मानसिक रूप से स्वस्थ है। जाँच में सामने आया कि नईमुल बांग्लादेश के ढाका स्थित मीरपुर का रहने वाला है और कुछ साल पहले अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुआ था।

SIR के बाद से लगने लगा था डर

नईमुल यहाँ छोटे-मोटे काम करके अपना गुजारा कर रहा था। जब से SIR की प्रक्रिया शुरू हुई, तब से वह लगातार डर में जी रहा था। उसके पास भारतीय नागरिकता या यहाँ रहने से जुड़े कोई भी वैध कागजात नहीं थे, जिसके कारण वह छिप-छिपकर रहने लगा।

युवक ने पुलिस को बताया कि उसने कई बार बांग्लादेश लौटने की कोशिश की लेकिन सीमा पर पकड़े जाने के डर से सफल नहीं हो सका। आखिरकार गिरफ्तारी के भय और मानसिक दबाव के चलते उसने खुद थाने में जाकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया। इंटाली थाना पुलिस उसे विदेशी नागरिक अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर उससे जुड़े दस्तावेजों की जाँच की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।