हरियाणा के यमुनानगर में बिलाल नामक शख्स को हिंदू प्रेमिका उमा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। करीब दो साल से लिव इन में बिलाल के साथ रह रही उमा का गर्दन कटा हुआ शव कुछ दिनों पहले बरामद हुआ था। उमा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की रहने वाली थी। वहीं, बिलाल पेशे से ड्राइवर है और सहारनपुर के एक गाँव का रहने वाला है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उमा पहले से शादीशुदा थी और एक बच्चे की माँ भी थी। वो बिलाल से शादी करने का कह रही थी लेकिन उसका दूसरी जगह निकाह तय हो गया था जिसके बाद वो उमा की हत्या की प्लानिंग करने लगा था।
14 दिसंबर 2025 को बिलाल का निकाह होना था और इसके पिछले रविवार को उमा को घुमाने के बहाने वो साथ लाया था। इस बीच बिलाल ने कार की सीट बेल्ट से उमा का गला घोंट दिया। उसने शव की पहचान छिपाने के लिए उसकी गर्दन काट ली और पॉलिथीन में डालकर जंगल में फेंक दी। ताकि उसे कोई पहचान ना सके। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर सिर बरामद कर लिया है।
पुलिस ने मर्डर को सुलझाने के लिए SIT गठित की थी और पुलिस को जाँच में शव से थोड़ी दूरी पर देर रात UP नंबर की गाड़ी खड़ी नजर आई थी। एक संदिग्ध कैमरे में वो यूपी की ओर जाता दिखा। संदिग्ध कार को ढूँढते हुए जब पुलिस बिलाल के घर पहुँची तो उसके निकाह की तैयारी चल रही थी। गिरफ्तारी के बाद बिलाल ने कबूला कि उसे डर था कि कहीं उमा उसके घर पर जाकर सारी बात न बता दे।

