22 फीट की सड़क पर कब्जा कर मुस्लिमों ने छोड़ी थी मात्र 2 फीट जगह, प्रशासन ने जमींदोज किए 22 अवैध मकान: छतरपुर में चला बुलडोजर

मध्य प्रदेश के छतरपुर में बुधवार (17 दिसंबर 2025) को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक गोपाल टोरिया मार्ग पर लंबे समय से जमाए गए अवैध कब्जों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।

प्रशासन की यह कार्रवाई उन 22 मकानों पर हुई है, जिन्होंने सरकारी रास्ते पर कब्जा कर रखा था। चौंकाने वाली बात यह है कि रियासत कालीन 22 फीट चौड़ा मुख्य मार्ग इन अवैध निर्माणों के कारण सिमटकर मात्र 2 फीट की पतली गली रह गया था, जिससे आम लोगों का निकलना दूभर हो गया था।

‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ का दिया हवाला

जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी तनाव और नाराजगी देखी गई। प्रभावित मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि उनके मकान ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के तहत बने थे, जिन्हें बिना पर्याप्त समय दिए तोड़ दिया गया।

हालाँकि, प्रशासन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। एसडीएम अखिल राठौर ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमणकारियों को अप्रैल महीने से ही लगातार नोटिस दिए जा रहे थे, लेकिन बार-बार चेतावनी के बावजूद उन्होंने रास्ता खाली नहीं किया।

अधिकारियों के मुताबिक, गोपाल टोरिया एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थल है और इसके पहुँच मार्ग का चौड़ीकरण जनहित में अनिवार्य था। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी जमीन और सार्वजनिक रास्तों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।