भारत ने ढाका में सुरक्षा खतरे के चलते वीजा सेंटर किया बंद, भारतीय उच्चायुक्त को धमकी मिलने के बाद लिया फैसला: हाई कमिश्नर को भी किया तलब

भारतीय उच्चायोग को ढाका में मिली धमकी के बाद भारत लगातार एक्शन में है। बुधवार (17 दिसंबर 2025) को भारत सरकार ने बांग्लादेश के हाई कमिश्नर रियाज हमिदुल्लाह को तलब किया। इसी क्रम में अब ढाका में भारतीय वीजा एप्लीकेशन सेंटर को भी दोपहर 2 बजे से बंद कर दिया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत ने वीजा एप्लीकेशन सेंटर बंद करने का फैसला इसीलिए लिया क्योंकि ‘जुलाई ओइक्या’ (जुलाई एकता) नाम के संगठन के मार्च निकालने के ऐलान के बाद लिया। यह मार्च दोपहर 3 बजे शुरू होने वाला था। भारत सरकार का अनुमान था कि मार्च के चलते भारतीय उच्चायोग के आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो सकते हैं, जिससे सुरक्षा खतरा पैदा हो सकता है। पिछले कई दिनों से भारतीय उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन जारी हैं।

बता दें कि ढाका में भारतीय उच्चायुक्त को बार-बार मिल रही धमकियों और बांग्लादेशी राजनीतिक हस्तियों द्वारा भारत विरोधी बयानों के बाद यह कदम उठाया गया है। हालाँकि, भारत सरकार ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि धमकी किस तरह की थी या कहाँ से आई थी, लेकिन इसे एक गंभीर सुरक्षा चिंता के तौर पर देखा जा रहा है।