‘माफी माँगो वरना अंजाम भुगतो’: ‘हिजाब विवाद’ के बीच नीतीश कुमार को पाकिस्तानी डॉन ने दी धमकी, शहजाद भट्टी की Video सामने आई

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक महिला डॉक्टर का हिजाब खींचने वाला वीडियो अब अंतरराष्ट्रीय विवाद बन गया है। पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने एक वीडियो जारी कर नीतीश कुमार को चेतावनी दी है कि वे उस महिला से सरेआम माफी माँगें।

क्या है पूरा मामला?

बिहार में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नवनियुक्त डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बाँट रहे थे। इसी दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसे RJD ने भी शेयर किया था।

वीडियो में दिख रहा था कि नीतीश कुमार एक मुस्लिम महिला डॉक्टर से बात करते हुए उनका हिजाब पकड़कर खींच रहे हैं। इस घटना को लेकर बिहार की राजनीति में पहले ही काफी हंगामा मचा हुआ है।

पाकिस्तानी डॉन की एंट्री और धमकी

अब इस विवाद में पाकिस्तान के कुख्यात डॉन शहजाद भट्टी ने एंट्री ली है। भट्टी ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि ‘बिहार के एक बड़े पद पर बैठे शख्स ने मुस्लिम महिला के साथ जो किया, वो पूरी दुनिया ने देखा है।’ उसने दावा किया कि जब उसने इस मुद्दे पर आवाज उठाई, तो उस पर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं।

‘चेतावनी मत समझना, ये आखिरी मौका है’

शहजाद भट्टी ने वीडियो में सख्त लहजे में कहा कि मुख्यमंत्री के पास अभी भी वक्त है कि वे उस महिला डॉक्टर से सार्वजनिक रूप से माफी माँग लें। उसने यह भी कहा कि अगर वे ऐसा नहीं करते, तो जिम्मेदार संस्थानों को कार्रवाई करनी चाहिए। वीडियो के आखिर में उसने धमकी भरे अंदाज में कहा कि ‘बाद में यह मत कहना कि मैंने चेतावनी नहीं दी थी।’