नालंदा में हथियार तस्कर परवेज-महबूब-जाहिद गिरफ्तार, STF ने खुफिया इनपुट पर सगे भाइयों पर की कार्रवाई: छापे में AK 47 की 153 जिंदा कारतूस बरामद

बिहार में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ STF और पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने नालंदा के लहेरी थाना क्षेत्र के सोहन कुआं मोहल्ले में खुफिया इनपुट के बाद छापेमारी की, जहाँ हथियार तस्करी के एक गिरोह को का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस की इस कार्रवाई में पाँच हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मौके से चीन से निर्मित पाँच पिस्टल, AK-47 के 153 जिंदा कारतूस, छह मैगजीन और एक स्कॉर्पियो बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान परवेज, सौरभ झा, महबूब और जाहिद हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक परवेज को 2013 में भी कारतूस के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि झारखंड के तीनों भाई पहले हत्या सहित संगीन मामलों में जेल जा चुके हैं।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि सूचना मिली थी कि त्रिभुवन प्रसाद के मकान के एक फ्लैट में हथियारों की डिलीवरी होने वाली है। जाँच में सामने आया कि फ्लैट सौरभ झा ने किराए पर लिया था, जो तस्करों के बीच संपर्क का जरिया था।

शुरुआती जाँच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपित जमीन की खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़े थे और अवैध कमाई को वैध बनाने की कोशिश कर रहे थे। फिलहाल पुलिस सप्लाई चेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।