BJP विधायक राम कदम ने पानी सप्लाई की समस्या हल कर 4 साल बाद अपने बाल कटवाए, मुंबई के घाटकोपर और विक्रोली में बिछाई गई नई पाइपलाइन

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के घाटकोपर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राम कदम ने चार साल बाद अपने बाल कटवाए। यह कदम उन्होंने घाटकोपर और विक्रोली के पहाड़ी इलाकों में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या के समाधान के बाद उठाया। 4 साल पहले उन्होंने सार्वजनिक रूप से संकल्प लिया था कि जब तक पानी की समस्या हल नहीं होगी तब तक वह अपने बाल नहीं कटवाएँगे।

जनवरी 2026 में होने वाले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव से कुछ हफ्ते पहले राम कदम ने यह कदम उठाया है। इसे अपने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुधारने की दिशा में राम कदम के प्रयासों के रूप में देखा जा रहा है।

घाटकोपर पश्चिम से 3 बार विधायक रह चुके राम कदम ने गुरुवार को विक्रोली और आनंदगढ़ इलाके में नई पानी की पाइपलाइन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि अब इन इलाकों में पानी की समस्या खत्म हो गई है। उद्घाटन के बाद उन्होंने आनंदगढ़ वॉटर टैंक परिसर में अपने बाल कटवाए और कटे हुए बाल कैंसर मरीजों को दान किए।

राम कदम ने कहा, “मुझे खुशी है कि यहाँ 2 करोड़ लीटर से ज्यादा पानी रखने की क्षमता वाले टैंक बनाए जा रहे हैं। भांडुप से आने वाली पानी की लाइन भी यहाँ जोड़ दी गई है।” उन्होंने बताया कि भांडुप से आने वाली 3 फीट चौड़ी और करीब 4 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन का 90% काम पूरा हो चुका है। साथ ही वितरण लाइनों और पंपों को भी बदला गया है। परियोजना पूरी होने पर करीब 2.60 करोड़ लीटर पानी की क्षमता बनेगी।

उन्होंने इसे ‘घाटकोपर मॉडल’ बताया और कहा कि यह देश के दूसरे पहाड़ी इलाकों के लिए भी एक उदाहरण बन सकता है। राम कदम ने कहा कि उन्होंने पाँच साल पहले इस इलाके की पानी की समस्या को समझने और हल करने पर काम शुरू किया था और यह परियोजना उसी का नतीजा है।

राम कदम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “इस संकल्प के पीछे चार साल का धैर्य, संघर्ष, लगातार प्रयास और मेहनत रही है… आखिरकार आज उसका फल मिला है।”

घाटकोपर और विक्रोली के ऊँचाई वाले इलाकों में रहने वाले लोग लंबे समय से अनियमित और कम पानी की आपूर्ति से परेशान थे। गुरुत्वाकर्षण पर आधारित पुरानी जल वितरण व्यवस्था ऊंचे इलाकों तक पानी पहुंचाने में नाकाम रहती थी। इसी वजह से चार साल पहले विधायक राम कदम ने पानी की समस्या हल होने तक बाल न कटवाने की कसम खाई थी।

इस समस्या का समाधान BMC के साथ लगातार संपर्क और सहयोग से संभव हो पाया। साल 2022 में राम कदम के आग्रह पर BMC ने घाटकॉपार और विक्रोली के पहाड़ी इलाकों में पानी की आपूर्ति सुधारने के लिए एक अध्ययन शुरू किया था।

इसके बाद सर्वे के आधार पर नई जल आपूर्ति परियोजना तैयार की गई, जिसमें पानी के टैंक बनाना, नई पाइपलाइन बिछाना और पुरानी वितरण लाइनों व पंपों को अपग्रेड करना शामिल है।