गुवाहाटी एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का PM मोदी करेंगे उद्घाटन, हरियाली-बाँस से सजा पहला नेचर फ्रेंडली हवाई अड्डा: 1.3 करोड़ यात्रियों को मिलेगी आधुनिक सुविधाएँ

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई (LGB) अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल बिल्डिंग की फोटो और वीडियो एक्स पर साझा की। नए टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 दिसंबर 2025 को गुवाहाटी में करेंगे।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार (19 दिसंबर 2025) को एक्स पर लिखा, “उत्साह अपने चरम पर! LGBI एयरपोर्ट का इंटीग्रेटेड टर्मिनल आदरणीय @narendramodi जी का कल स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।”

LGBI एयरपोर्ट का नया टर्मिनल भारत का पहला नेचर-थीम वाला एयरपोर्ट टर्मिनल है, जो असम की कनेक्टिविटी, आर्थिक विकास और वैश्विक जुड़ाव में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। नया टर्मिनल 1.4 लाख वर्ग मीटर में फैला है। इसमें रनवे, एयरफील्ड सिस्टम, एप्रॉन और टैक्सीवे के बड़े सुधार किए गए हैं और यह सालाना 1.3 करोड़ यात्रियों को संभालने में सक्षम है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वह कल, 20 दिसंबर 2025 को गुवाहाटी, असम पहुँचेगे और दोपहर में लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई (LGB) अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह असम की अवसंरचना के लिए एक बड़ा कदम है। बढ़ी हुई क्षमता से लोगों की जीवनशैली में सुधार, वाणिज्य और पर्यटन के क्षेत्र में वृद्धि होगी।

लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई (LGB) अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल का डिजाइन और इंफ्रास्ट्रक्चर असम की बायोडायवर्सिटी और सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है, जिसे बांबू ऑर्किड्स थीम पर तैयार किया गया है।

टर्मिनल के निर्माण में करीब 140 मीट्रिक टन स्थानीय रूप से उपलब्ध उत्तर-पूर्वी बाँस का उपयोग किया गया है। इसे काजीरंगा से प्रेरित हरियाली, जापी आकृतियाँ, प्रसिद्ध गैंडा प्रतीक और 57 ऑर्किड प्रेरित कॉलमों के साथ सजाया गया है, जो कोपऊ फूल को दर्शाते हैं। टर्मिनल में एक अनोखा स्काई फॉरेस्ट भी है, जिसमें लगभग एक लाख देशी प्रजातियों के पौधे हैं, जो यात्रियों को जंगल जैसी अनुभव प्रदान करता है।

नए टर्मिनल में यात्रियों की सुविधा और डिजिटल इनोवेशन को नई ऊँचाई दी गई है। सुरक्षा के लिए उन्नत तकनीक जैसे फुल-बॉडी स्कैनर लगाए गए हैं, जो तेज और बिना परेशानी के सुरक्षा जाँच सुनिश्चित करते हैं। इसके अलावा, यात्रियों के लिए संपर्क रहित यात्रा (DigiYatra), ऑटोमेटेड बैगेज हैंडलिंग और AI-ड्रिवन एयरपोर्ट ऑपरेशन जैसी सुविधाएँ उपलब्ध हैं।

नया टर्मिनल अगले साल की पहली तिमाही में पूरी तरह चालू होने की उम्मीद है। पुराने टर्मिनल को धीरे-धीरे बंद किया जाएगा। फिलहाल, अंतरराष्ट्रीय उड़ानें टर्मिनल 1 से जारी रहेंगी क्योंकि कस्टम और अन्य प्रक्रियाएँ वहीं होती हैं। सभी संचालन नए टर्मिनल में शिफ्ट होने के बाद पुराने टर्मिनल को बंद किया जाएगा।

कल नए टर्मिनल का उद्घाटन किया जाएगा। असम सरकार भविष्य में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एयरपोर्ट पर दूसरा नया टर्मिनल बनाने की योजना भी बना रही है। मुख्यमंत्री सरमा ने बताया कि “दूसरे नए टर्मिनल की योजना पहले से चल रही है। फिलहाल सभी ऑपरेशन नए टर्मिनल में उद्घाटन के बाद स्थानांतरित किए जाएँगे।”

LGB अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा गुवाहाटी इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (GIAL) द्वारा चलाया जाता है, जो अदानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड का एक स्पेशल पर्पज़ व्हीकल (SPV) है। 2019 में अदानी समूह ने देश के 6 हवाई अड्डों के संचालन और विकास का ठेका मिला था, जिनमें गुवाहाटी एयरपोर्ट भी शामिल था, जिसे 2021 में कंपनी को सौंपा गया।