भारत-बांग्लादेश सीमा के पास सिलहट जिले में शुक्रवार (19 दिसंबर 2025) को 2 बांग्लादेशी युवक घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। कंपनीगंज सीमा क्षेत्र में खसिया समुदाय के लोगों ने गोलीबारी की। इस गोलीबारी में दोनों युवकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान 19 साल के आशिकुर और 22 साल के मोशाइद के रूप में हुई है।
सुपारी बागान के पास हुई फायरिंग
बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के मुताबिक, पहली घटना दोपहर करीब 12 बजे हुई। आशिकुर नाम का युवक भारतीय सीमा के लगभग 600 गज अंदर एक सुपारी के बागान के पास मौजूद था। इसी दौरान वहाँ रहने वाले खसिया समुदाय के लोगों से उसका सामना हुआ और उन्होंने गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथी किसी तरह उसका शव वापस बांग्लादेश ले आए।
आशिकुर की मौत के कुछ ही दूरी पर एक और हिंसक झड़प हुई, जिसमें मोशाइद नाम का युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथी उसे तुरंत बांग्लादेश के अस्पताल ले गए, लेकिन जख्म गहरे होने के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
BGB के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि ये दोनों घटनाएँ भारतीय सीमा के करीब 1.5 किलोमीटर अंदर हुई थीं। इस घटना के बाद सीमा पर तनाव बढ़ गया है और सुरक्षा एजेंसियाँ स्थिति पर नजर रख रही हैं।

