मध्य प्रदेश के जबलपुर के हवाबाग चर्च में शनिवार (20 दिसंबर 2025) को क्रिसमस भोज कार्यक्रम के दौरान झड़प हो गई। इस घटना में हिंदूवादी संगठन और ईसाई समुदाय आमने-सामने आ गए। झड़प में कई लोग घायल हुए और पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया।
जानकारी के अनुसार, ईसाई समुदाय ने दिव्यांग बच्चों के लिए क्रिसमस सेलिब्रेशन और भोज का आयोजन किया था। इसमें अंधमूक और दृष्टिबाधित सैकड़ों बच्चे शामिल हुए थे। कार्यक्रम में बच्चों के लिए मनोरंजन और भोजन का भी इंतजाम किया गया था।
सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद (VHP), बजरंग दल और भाजपा से जुड़े लोग मौके पर पहुँचे। उनका आरोप था कि यह भोज बच्चों को धर्मांतरण के लिए लुभाने का तरीका है। ईसाई समुदाय ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह सिर्फ सामाजिक कार्यक्रम और क्रिसमस पार्टी थी।
झड़प के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला किया। पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और स्थिति को काबू में किया। घायल लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि कई को हिरासत में लिया गया।

