न्यूजीलैंड में सिख नगर कीर्तन का चर्च से जुड़े समूह ने किया विरोध, लगाया ‘ये न्यूजीलैंड है, भारत नहीं’ लिखा बैनर: कहा- लहराए जा रहे ‘आतंकवादी खालिस्तान’ के झंडे

न्यूजीलैंड के ऑकलैंड शहर में शनिवार (20 दिसंबर 2025) को गुरु नानक जयंती के अवसर पर वार्षिक नगर कीर्तन परेड निकाली गई। यह परेड ऑकलैंड काउंसिल की पूर्व अनुमति से आयोजित की गई थी।

परेड के लौटते समय डेस्टिनी चर्च से जुड़े समूह ‘ट्रू पैट्रियट्स ऑफ न्यूजीलैंड’ के कुछ सदस्य सड़क पर खड़े हो गए और हाका प्रदर्शन करने लगे। उनके पीछे एक काला बैनर था, जिस पर लिखा था ‘यह न्यूजीलैंड है, भारत नहीं’।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारी हाका करते दिखे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची, हालात संभाले और परेड को आगे बढ़ने दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया। इस विरोध के ऑर्गेनाइजर ब्रायन टमकी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “ऑकलैंड की सड़कों पर आतंकवादी खालिस्तान के झंडे क्यों लहराए जा रहे हैं? ऑकलैंड में खुलेआम आतंकवादी खालिस्तान के झंडे लहराए गए।”

फ्री स्पीच यूनियन ने घटना की आलोचना करते हुए कहा कि किसी वैध परेड को शारीरिक रूप से रोकना अभिव्यक्ति की आजादी का उल्लंघन है। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने सिख समुदाय पर खालिस्तान से जुड़े आरोप भी लगाए, जिसे लेकर बहस और तेज हो गई।