राजस्थान के बाड़मेर में मुल्तानमल भीखचंद छाजेड महिला कॉलेज की फीस में बढ़ोतरी के खिलाफ जारी प्रदर्शन में जिला कलेक्टर टीना डाबी के बारे में ABVP के दो छात्र नेताओं ने टिप्पणी की। पुलिस ने दोनों छात्रों को हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन में शामिल अन्य छात्राओं ने दावा किया कि पुलिस ने दोनो नेताओं को सिर्फ इसलिए गिरफ्तार किया है क्योंकि उनमें से एक ने टीना डाबी को अपना रोल मॉडल मानने के बजाए ‘रील स्टार’ कह दिया था। छात्राओं का कहना है कि केवल इस मामूली बात के लिए उन्हें हिरासत में लिया गया है।
दोनों नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद कई छात्राओं ने कोटवाली पुलिस थाने पहुँचकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्राओं ने गिरफ्तार नेताओं की रिहाई की माँग की और दावा किया कि प्रशासन उनकी शिकायतों को सुनने के बजाए उन्हें दबाने की कोशिश कर रहा है।
इससे पहले SDM और ADM सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थिति को शांत करने के लिए कॉलेज का दौरा किया था। चर्चा के दौरान SDM ने कथित तौर पर कलेक्टर टीना डाबी को रोल मॉडल बताया। इस पर छात्र भड़क गए और कहा कि टीना डाबी नहीं, उनकी रोल मॉडल अहिल्याबाई होलकर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि टीना डाबी एक ‘रील स्टार’ हैं।
Barmer, Rajasthan: During a student protest in Barmer, remarks calling DM Tina Dabi a “reel star” led police to detain protesters under non-bailable charges. After backlash, the SP ordered their release and expressed regret. pic.twitter.com/ox53I0k5Kh
— Krishna Chaudhary (@KrishnaTOI) December 22, 2025
तनाव बढ़ते देख बाड़मेर SP नरेंद्र सिंह मौके पर पहुँचे और उन्होंने छात्रों को शांत कराते हुए साफ कहा, “हमसे गलती हुई है, हम इसे स्वीकार करते हैं।” बाद में जिला कलेक्टर टीना डाबी ने फोन पर जवाब देते हुए विवाद को खारिज किया और छात्र नेताओं की हिरासत को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया नियमित कदम बता दिया।
कलेक्टर टीना डाबी ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया गया था और पुलिस ने स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए कार्रवाई की। उन्होंने आगे कहा कि छात्र नेताओं को बिना कोई मामला दर्ज किए रिहा कर दिया गया, जो जिले में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच तनाव को कम करने का एक प्रयास था।

