दिल्ली में बांग्लादेशी हाई कमीशन के सामने हिंदू संगठनों का प्रदर्शन, दीपू चंद्र दास की हत्या का विरोध: कोलकाता में भी सड़कों पर उतरे लोग

नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर मंगलवार (23 दिसंबर 2025) को उस समय तनाव फैल गया, जब अलग-अलग हिंदू संगठनों के प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ गए।

यह विरोध बांग्लादेश में एक हिंदू युवक, दीपु चंद्र दास की हत्या के विरोध में किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात कर स्थिति काबू किया गया। ये प्रदर्शन कोलकाता में भी हुए। वहाँ बांग्लादेशी वीजा सेंटर के सामने लोगों ने प्रदर्शन किया।

विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और घटना में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की माँग की। नारेबाजी के दौरान सुरक्षा बलों के साथ धक्का-मुक्की हुई, हालाँकि भारतीय अधिकारियों ने कहा कि प्रदर्शन छोटा था और किसी राजनयिक को खतरा नहीं हुआ।

इस बीच, बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली और सिलीगुड़ी में अपने राजनयिक प्रतिष्ठानों के बाहर हुई घटनाओं पर चिंता जताते हुए भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा को तलब किया।

ढाका ने भारत से घटनाओं की जाँच की माँग की और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम और अपने मिशनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी बात कही। सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश ने नई दिल्ली और अगरतला में वीजा व कांसुलर सेवाएँ अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं।