असम के पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले में अतिक्रमण हटाने की मुहिम से जुड़े प्रदर्शनों ने सोमवार (22 दिसंबर 2025) को तूल पकड़ लिया, जब गुस्साई भीड़ ने बीजेपी नेता तुलीराम रोंगहांग के पैतृक घर को आग लगा दी और उस पर पत्थर भी फेंके।
तुलीराम रोंगहांग कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य हैं। उनका घर असम के पश्चिम कार्बी जिले के डोंगकामुकाम इलाके में है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, झड़प में कम से कम तीन लोग घायल हो गए और पुलिस ने गुस्साई भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की। हालात संभालने के लिए तुरंत अतिरिक्त सीआरपीएफ दस्ते और पुलिस कमांडो भेजे गए। साथ ही और उपद्रव रोकने के लिए सख्त निषेधाज्ञा लगा दी गई।
पश्चिम कार्बी आंगलोंग में धारा 163 लागू
पश्चिम कार्बी आंगलोंग में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 सोमवार 22 दिसंबर से लागू कर दी गई है। जिला मजिस्ट्रेट निरोला फांगचोपी ने यह आदेश जारी किया, जो अगले आदेश तक जारी रहेगा। इसका मकसद समुदायों के बीच झगड़ा भड़काने वालों को रोकना और लोगों व संपत्ति की सुरक्षा करना है।
इस आदेश के मुताबिक, पाँच या इससे ज्यादा लोग एक साथ नहीं जुट सकते। शाम 5 बजे से सुबह 6 बजे तक आवाजाही पूरी तरह बंद है और निजी वाहन भी नहीं चल सकते। सार्वजनिक जगहों पर रैलियाँ, मशाल जुलूस, धरना या प्रदर्शन करने की मनाही है। हथियार ले जाना या पटाखे फोड़ना भी प्रतिबंधित है।
PROTEST TURNS VIOLENT IN KARBI ANGLONG #Asasm
— Northeast Now (@NENowNews) December 22, 2025
High drama unfolded in Karbi Anglong as angry protesters torched the residence of KAAC CEM Tuliram Ronghang, triggering heavy security deployment and prohibitory orders across the district.
? Dongkamukam
? Prohibitory orders… pic.twitter.com/gEzOCvQiyu
किन्हें छूट मिली?
पुलिस, सेना और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों को छूट दी गई हैं। मेडिकल इमरजेंसी वाले लोग भी बाहर जा सकते हैं। परीक्षा करा रहे स्कूल-कॉलेज-यूनिवर्सिटी सामान्य रूप से खुले रहेंगे। सरकारी और निजी दफ्तर भी पहले की तरह चलते रहेंगे।
कानून-व्यवस्था के आईजीपी अखिलेश कुमार सिंह ने एएनआई को बताया कि हालात शांत करने के लिए और फोर्स बुलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि भीड़ ने कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के प्रमुख का घर जला दिया। कुछ सुरक्षाकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं और अभी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
सोमवार (22 दिसंबर 2025) सुबह कुछ प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी के बाद माहौल गरमा गया। स्थानीय लोग सड़कें जाम करके पश्चिम कार्बी आंगलोंग के डोंगकामुकाम पहुँचे और रोंगहांग के पैतृक घर को आग लगा दी। इसी बीच दूसरी भीड़ ने पास के बस्ती इलाके में कई घरों, एक स्कूल बस और दूसरी संपत्तियों को नुकसान पहुँचाया।
लोग क्यों प्रदर्शन कर रहे हैं?
यह पूरा विवाद प्रोफेशनल ग्रेजिंग रिजर्व (पीजीआर) और विलेज ग्रेजिंग रिजर्व (वीजीआर) की जमीनों से घुसपैठियों को हटाने की सालों पुरानी माँग से जुड़ा है। कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद ने फरवरी 2024 में नोटिस जारी किए थे, लेकिन गुवाहाटी हाईकोर्ट में चल रहे मामले ने इसे रोक रखा है ताकि अदालत के नियमों का उल्लंघन न हो।

