बुर्का पहनकर ज्वेलरी शॉप में घुसे लुटेरे, रिवॉल्वर दिखाकर लूटा 20 तोला सोना और नकदी: CCTV फुटेज आया सामने, नवी मुंबई का मामला

महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित सीवुड्स इलाके में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में लूट की बड़ी घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, इस वारदात को कुल चार आरोपितों ने अंजाम दिया।

इनमें से तीन आरोपित बुर्का पहनकर दुकान के अंदर घुसे और दुकान के कर्मचारियों व मालिक को रिवॉल्वर दिखाकर धमकाया। इसके बाद आरोपितों ने दुकान में रखा करीब 20 तोला सोना और नकदी लूट ली है। वहीं, चौथा आरोपित दुकान के बाहर खड़ा होकर निगरानी करता रहा, ताकि किसी को शक न हो।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और जाँच शुरू की गई। जाँच में तेजी लाने के लिए डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास के इलाकों और दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपितों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

NRI सागरी पुलिस ने बताया कि आरोपितों ने किसी पर फायरिंग नहीं की लेकिन हथियार दिखाकर कर्मचारियों को डराया गया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में सर्च ऑपरेशन तेज कर रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ने का दावा कर रही है।