‘गाजा के लिए कैंडल मार्च, बांग्लादेश में हिंदू मारा जाए तो चुप’: विधानसभा में CM योगी का विपक्ष पर निशाना, अतिक्रमण पर बोले- कब्जा कोई भी करेगा, छोड़ूँगा नहीं

उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र का बुधवार (24 दिसंबर 2025) को चौथा दिन रहा। विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष के कई सवालों का जवाब दिया। इस दौरान सीएम योगी ने बांग्लादेश में हिंसा से लेकर समाजवादी पार्टी की पूर्व विधायक पूजा पाल का जिक्र किया। सीएम योगी ने प्रदेश में अतिक्रमण और माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई पर भी बात की।

सरकार की अतिक्रमण पर कार्रवाई पर सीएम योगी ने कहा, “अतिक्रमण करने की प्रवृत्ति, मैं आपको इस बात का भरोसा दिलाता हूँ। कब्जा कोई भी करेगा, किसी भी स्मारक पर, किसी भी पौराणिक स्थल पर चाहे वह कोई भी हो, मैं उसे नहीं छोड़ूँगा।” उन्होंने कहा कि अगर सरकारी जमीन पर कब्जा कर छांगुर जैसा माफिया अवैध गतिविधियों का संचालन करेगा तो बुलडोजर जरूर चलेगा।

प्रदेश में दंगों पर कार्रवाई पर सीएम योगी ने कहा, “दंगा कैसे होता है और दंगाई का उपचार कैसे होना है, इसके बारे में मौलाना से पूछ लो। अब यहाँ न कर्फ्यू है, न दंगा है। अब यूपी में सब चंगा है। ये नया यूपी है।”

गाजा पर कैंडल मार्च, बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर मुँह बंद: सीएम योगी

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार मामले पर विपक्ष को घेरते हुए सीएम योगी ने कहा, “गाजा के मुद्दे पर कैंडर मार्च निकालते हैं, लेकिन पाकिस्तान, बांग्लादेश में हिंदू मारा जाता है तो आपका मुँह बंद हो जाता है। मरने वाला हिंदू है इसीलिए आप नहीं बोलेंगे। बल्कि आपके लोगों को निंदा का प्रस्ताव लाना चाहिए था।”

सीएम योगी ने आगे कहा, “नोट कर के रख लेना और याद रखिएगा जब बांग्लादेशी और रोहिंग्या को यहाँ से निकालेंगे तो उनके समर्थन में मत आना। बहुत से बांग्लादेशियों के आधार कार्ड आप लोगों ने बनवाने का पाप किया है। बहुत प्रभावी कार्रवाई करेंगे। हमारे ही देश में रहकर हमारे लोगों के ही खिलाफ अपराध और वहाँ निर्दोष हिंदू, सिखों के साथ अत्याचार हो रहा है।”

पूजा पाल पर सीएम योगी ने दिया बयान

सपा से निष्कासित विधायक पूजा पाल का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा, “पूजा पाल, आपकी सदस्य थी। लेकिन आप उन्हें न्याय नहीं दिला पाए, क्योंकि आपमें हिम्मत नहीं थी। आपने गुंडों और माफिया के सामने गरीब बेटी को न्याय नहीं दिया। माफिया के सामने झुकना मजबूरी थी।”

सीएम ने पूछा, “क्या पूजा पाल PDA का हिस्सा नहीं थी? प्रदेश के हर नागरिक को सुरक्षा मिलनी चाहिए, ये सरकार की प्राथमिकता है। बेटी चाहे उस पक्ष की हो या इस पक्ष की उसको हर हाल में न्याय मिलेगा. विजमा यादव को मैंने बुलाया था कि आपको सुरक्षा हम देंगे।”