बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में एक और हिंदू युवक की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। 29 साल के अमृत मंडल उर्फ सम्राट को बुधवार (24 दिसंबर 2025) की रात होसैनडांगा ओल्ड मार्केट में स्थानीय मुस्लिमों ने घेरकर हमला किया। पुलिस के अनुसार, अमृत पर वसूली का आरोप था और वह पुलिस रिकॉर्ड में ‘सम्राट बाहिनी’ का सरगना दर्ज था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना रात करीब 11 बजे हुई। स्थानीय लोगों ने शोर मचाया कि डाकू आए हैं, जिसके बाद भीड़ ने अमृत को पकड़ लिया और बुरी तरह पीटा। पुलिस मौके पर पहुँची तो उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमृत होसैनडांगा गाँव के अक्षय मंडल का बेटा था।
पांग्शा मॉडल पुलिस स्टेशन के ओसी शेख मोइनुल इस्लाम ने बताया कि पुलिस ने अमृत के एक साथी को गिरफ्तार किया गया है।
यह घटना दीपू चंद्र दास की लिंचिंग के ठीक सात दिन बाद हुई है। दीपू को मायमेंसिंह में ईशनिंदा के आरोप में भीड़ ने पीटा और शव जला दिया था। अंतरिम सरकार ने उस घटना की निंदा की थी, लेकिन अल्पसंख्यकों पर हमलों की शिकायतें लगातार आ रही हैं।
असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस देब्रता सरकार ने कहा कि अमृत को गंभीर हालत में बचाया गया था, लेकिन अस्पताल में मौत हो गई।
गौरतलब है कि बांग्लादेश में शेख हसीना के जाने के बाद अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हमलों की घटनाएँ बढ़ी हैं। हालाँकि यह मामला मुख्य रूप से अपराधी गतिविधियों से जुड़ा लगता है, लेकिन हिंदू समुदाय में डर का माहौल है। पुलिस मामले की गहराई से जाँच कर रही है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।

