बांग्लादेश की राजधानी ढाका में बुधवार (24 दिसंबर 2025) की शाम मोगबाजार चौराहे पर हुए बम विस्फोट के दो दिन बाद शुक्रवार (26 दिसंबर 2025) को ढाका के ही करीब दक्षिण केरानीगंज में एक मदरसे में शक्तिशाली बम धमाका हुआ है। इस धमाके में बच्चों-महिलाओं समेत कुल 4 लोग जख्मी हुए हैं।
बांग्लादेशी मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, उम्मल कुरा इंटरनेशनल मदरसे में हुए एक धमाके के बाद दो मदरसे के दो कमरों की दीवारों ढह गईं। साथ ही, उसके पास की इमारतों में भी दरार आई गई हैं। निवासियों ने बताया कि बाद में पुलिस ने बिल्डिंग के अंदर से केमिकल, कच्चे विस्फोटक डिवाइस और बम बनाने का सामान बरामद किया है।
इलाके में रहने वाले लोगों को दावा है कि इस मदरसे में करीब 50 बच्चे पढ़ते थे। हालाँकि, शुक्रवार को जुमे की छुट्टी होने के कारण मदरसा बंद था और घटना के वक्त वहाँ तालीम के लिए आने वाले छात्र मौजूद नहीं थे।
एसपी मिजानुर ने कहा कि इस धमाके की असल वजह का अभी तक पता नहीं चला है। उन्होंने कहा, “हम अभी भी जाँच कर रहे हैं कि यह धमाका कैसे हुआ।” पुलिस ने इस मामले में फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया है लेकिन मामले की जाँच जारी है और जल्द ही गिरफ्तारियाँ भी हो सकती हैं।
इससे पहले बुधवार को मोगबाजार चौराहे पर बांग्लादेश मुक्तिजोद्धा संसद सेंट्रल कमांड के पास एक शक्तिशाली देसी बम विस्फोट में 21 वर्षीय युवक सैफुल सियाम की मौत हो गई थी। रामना डिवीजन के डिप्टी पुलिस कमिश्नर मसूद आलम ने बताया कि यह एक शक्तिशाली कॉकटेल बम था।

