क्रिसमस पर लगाया स्टेटस तो बजरंग दल के कार्यकर्ता पर टूट पड़ी भीड़, दुकान में घुसकर 25-30 लोगों ने जमकर पीटा: नवी मुबंई की घटना का Video आया सामने

महाराष्ट्र के नवी मुंबई में क्रिसमस के दिन बजरंग दल के कार्यकर्ता अर्जुन सिंह पर उनकी ही दुकान में घुसकर 20 से 30 लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। यह पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब मामले की छानबीन कर रही है।

जानकारी के अनुसार, अर्जुन सिंह रबाले इलाके में मोबाइल की दुकान चलाते हैं। घटना के वक्त कुछ युवक मोबाइल की किसी समस्या को लेकर उनसे बात कर रहे थे, तभी अचानक भीड़ दुकान के अंदर घुस आई। हमलावरों ने आव देखा न ताव और बजरंग दल के कार्यकर्ता पर लात-घूँसों, डंडों और चप्पलों से हमला कर दिया। उनके हाथ में जो कुछ भी आया- बाल्टी, गमले और प्लास्टिक के ड्रम, उसी से अर्जुन को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

अचानक हुए इस हमले से अर्जुन को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उन्हें बुरी तरह पीटने के बाद हमलावर धमकी देते हुए वहाँ से भाग निकले। बताया जा रहा है कि यह विवाद बजरंग दल के कार्यकर्ता अर्जुन के सोशल मीडिया पर डाले गए एक स्टेटस की वजह से शुरू हुआ। फिलहाल, रबाले MIDC पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के जरिए आरोपितों की पहचान की जा रही है।