कॉन्ग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने अल-कायदा से की RSS की तुलना, कहा- ये नफरत फैलाने वाले: दिग्विजय सिंह ने की थी संघ की तारीफ

कॉन्ग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की संगठनात्मक क्षमता की तारीफ किए जाने के बाद पार्टी के भीतर की अंदरुनी कलह सामने आने लगी है। कॉन्ग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने इस बयान से असहमति जताते हुए RSS की तुलना अल-कायदा से की है।

मणिक्कम टैगोर ने कहा “RSS नफरत पर बनी एक संस्था है और यह नफरत फैलाती है। नफरत से कुछ भी सीखने को नहीं मिलता।” उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “क्या आप अल-कायदा से कुछ सीख सकते हैं? अल-कायदा भी नफरत की ही संस्था है, जो दूसरों से नफरत करती है। ऐसी संस्थाओं से सीखने के लिए क्या है”

कॉन्ग्रेस सांसद ने कहा कि अगर किसी से सीखने की बात हो तो अच्छे लोगों और अच्छी परंपराओं से सीखना चाहिए। उन्होंने कॉन्ग्रेस पार्टी का उदाहरण देते हुए कहा कि यह 140 साल पुरानी पार्टी है, जिसने देश के लोगों को एकजुट करने का काम किया है। दिग्विजय सिंह के बयान पर आई इस प्रतिक्रिया के बाद कॉन्ग्रेस के भीतर वैचारिक मतभेद एक बार फिर खुलकर सामने आ गए हैं।