पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के निष्कासित विधायक हुमायूं कबीर से जुड़ा एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। ‘बाबरी मस्जिद’ बनवाने का ऐलान कर विवादों में आए हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद को बंगाल पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। गुलाम नबी आजाद पर हुमायूँ कबीर की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने का आरोप है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना शनिवार (27 दिसंबर 2025) की है। कॉन्स्टेबल जुम्मा खान ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके छुट्टी माँगने पर गुलाम ने उनके साथ मारपीट की थी। बताया जा रहा है कि यह घटना हुमायूं कबीर के कार्यालय में हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जाँच चल रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

