‘कॉन्ग्रेस नेता गौरव गोगोई पाकिस्तानी एजेंट’: असम के CM हिमंता बिस्वा सरमा, बोले- जल्द जनता के सामने पेश करेंगे ठोस सबूत

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कॉन्ग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के उपनेता गौरव गोगोई पर पाकिस्तान से कथित संबंधों को लेकर बड़ा दावा किया है। सरमा का कहना है कि इस मामले में वे जल्द ही जनता के सामने ठोस सबूत रखेंगे, जिससे पूरे प्रकरण पर स्थिति साफ हो सकेगी।

पाकिस्तान कनेक्शन को लेकर मुख्यमंत्री का दावा

मुख्यमंत्री से जब सोशल मीडिया पर वायरल बीजेपी के एक वीडियो और ‘पैजान’ शब्द को लेकर सवाल किया गया, जिसे गौरव गोगोई से जोड़कर देखा जा रहा है, तो उन्होंने कहा कि उन्हें सोशल मीडिया की ऐसी चर्चाओं की जानकारी नहीं है।

हालाँकि, उन्होंने दो टूक कहा कि गौरव गोगोई और उनके परिवार के पाकिस्तान से संबंध जरूर हैं। सरमा ने याद दिलाया कि वे पहले भी गोगोई और उनकी पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से कथित संबंधों के आरोप लगा चुके हैं।

दरअसल इससे पहले सरमा ने मीडिया से बातचीत में कहा था, “गौरव गोगोई पाकिस्तानी एजेंट हैं, बिल्कुल हैं। उन्हें एक विदेशी शक्ति ने हमारे देश में लगाया है।” उन्होंने यह भी चुनौती दी थी कि अगर यह आरोप झूठा है, तो गोगोई उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करें।

SIT जाँच और रिपोर्ट

इन आरोपों के बाद मामले की जाँच के लिए एक विशेष जाँच टीम (SIT) का गठन किया गया था, जिसने अपनी रिपोर्ट पिछले साल सितंबर में मुख्यमंत्री को सौंपी। सरमा के अनुसार, जाँच में ऐसे तथ्य सामने आए हैं जो देश की संप्रभुता से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करते हैं।

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आगे की निष्पक्ष और व्यापक जाँच के लिए इस पूरे मामले को किसी केंद्रीय एजेंसी को सौंपा जा सकता है। वहीं गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें घटिया फिल्म जैसा करार दिया है।

उनका कहना है कि असम की जनता ऐसे आरोपों की हकीकत समझती है और इसका कोई राजनीतिक असर नहीं पड़ेगा। फिलहाल सभी की नजरें संभावित खुलासों पर टिकी हैं।