राजस्थान के जयपुर से सटे चौमूं कस्बे में शुक्रवार (2 जनवरी 2026) की सुबह प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई शुरू की। यह वही इलाका है, जहाँ कुछ दिन पहले अतिक्रमण हटाने के दौरान हिंसक झड़प और इस्लामी भीड़ द्वारा पुलिस पर पथराव की घटना सामने आई थी। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे।
अवैध ढाँचों पर सीधी कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार, बस स्टैंड क्षेत्र और आसपास की सड़कों पर लंबे समय से अवैध रूप से लोहे की रेलिंग, पत्थर, सीढ़ियाँ, रैंप और प्लेटफॉर्म बने हुए थे, जो यातायात में बड़ी बाधा बन रहे थे। कई बार चेतावनी और नोटिस दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। तय समयसीमा पूरी होने के बाद शुक्रवार (2 जनवरी 2026) को चिन्हित अवैध निर्माणों को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया।
पिछली हिंसक घटना को देखते हुए प्रशासन ने इस बार कोई जोखिम नहीं लिया। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल, वरिष्ठ अधिकारी और दंगा नियंत्रण से जुड़ी तैयारियाँ रखी गईं। पूरे अभियान के दौरान स्थिति पर कड़ी नजर रखी गई। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह कानून और कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप की जा रही है।
नोटिस के बाद भी नहीं हटाया अतिक्रमण
प्रशासन ने 29 दिसंबर 2025 को इलाके में अवैध निर्माणों और अवैध बूचड़खानों पर नोटिस चस्पा किए थे। साथ ही पुलिस पर पथराव के आरोपितों के घरों पर भी जवाब देने के लिए नोटिस लगाए गए थे। तीन दिन की मोहलत के बावजूद न तो अतिक्रमण हटाया गया और न ही नोटिस का जवाब दिया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई आगे बढ़ाई।
कैसे भड़की थी हिंसा?
चौमूं में 25 दिसंबर 2025 को बस स्टैंड इलाके में स्थित एक मस्जिद के बाहर पड़े पुराने पत्थरों और रेलिंग को हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। प्रशासन का कहना था कि ये सड़क पर अतिक्रमण थे और ट्रैफिक जाम की वजह बन रहे थे। मुस्लिम प्रतिनिधियों से बातचीत के बाद पत्थर हटाए भी गए, लेकिन बाद में ढाँचे को दोबारा स्थायी रूप देने की कोशिश पर विरोध बढ़ गया।
जिसके बाद हालात बिगड़ गए और इस्लामी भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें छह पुलिसकर्मियों के सिर फूट गए और वे बुरी तरह घायल हो गए। किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए प्रशासन ने इलाके में सख्त सुरक्षा इंतजाम किए और पुलिस ने फ्लैग मार्च कर हालात पर नियंत्रण रखा।
पथराव की घटना के बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया, वहीं करीब दो दर्जन आरोपितों के नाम पर FIR दर्ज की गई। इसी घटनाक्रम के बाद अब प्रशासन ने उसी इलाके में अवैध अतिक्रमण पर निर्णायक कार्रवाई की है।
url – bulldozer action days after muslim mob clash with police over mosque encroachment chomu jaipur rajasthan

