देर रात किया नाबालिग बच्ची का अपहरण, कार में 2 घंटे तक रेप किया: कानपुर में पत्रकार शिवबरन यादव और दरोगा अमित मौर्या के खिलाफ केस दर्ज

उत्तर प्रदेश के कानपुर में 14 साल की नाबालिग से गैंगरेप का मामला सामने आया है। मामले में एक स्थानीय पत्रकार और एक पुलिस कांस्टेबल की संलिप्तता सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़िता सोमवार (5 जनवरी 2026) की रात करीब 10 बजे घर से बाहर निकली थी, तभी एक SUV में सवार दो लोग उसे जबरन अपने साथ ले गए। पीड़िता ने बताया कि गाड़ी में मौजूद एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी में था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वे पीड़िता को सचेंडी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक सुनसान जगह पर ले गए, जहाँ करीब दो घंटे तक कार के भीतर नाबालिग का बारी-बारी से रेप किया गया। इसके बाद आरोपित पीड़िता को बेहोशी की हालत में उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए।

रात करीब 12 बजे लड़की को घर के बाहर बेहोशी की हालत में पड़ा देख उसके भाई ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन परिवार का आरोप है कि स्थानीय पुलिस चौकी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों का यह भी कहना है कि जब उन्होंने बताया कि एक आरोपित पुलिसकर्मी है, तो वे वहाँ से लौट गए।

मंगलवार (6 जनवरी 2026) को वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने के बाद अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और POCSO एक्ट की धाराओं में FIR दर्ज की गई। मामले में आरोपित दरोगा अमित मौर्या फरार है। वहीं पत्रकार शिवबरन यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।