कानपुर में दुर्गा मंदिर के पास मिले गोवंश के सिर-हड्डी और खाल: Video वायरल होने के बाद इलाके में बवाल, हिंदू संगठन ने मोहम्मद शाकिर पर लगाया आरोप

उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित बिल्हौर थानाक्षेत्र में दुर्गा मंदिर के पास 100+ गोवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुँचकर इसका विरोध किया। मामले में SHO समेत 4 लोगों को सस्पेंड किया गया है।

मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, सोमवार (12 जनवरी 2026) रात बिल्हौर थाना क्षेत्र के गढनपुर एरिया में मंदिर के पीछे कब्रिस्तान और खेत के बीच गोवंश के सिर, हड्डियाँ और खाल मिली। सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुँचे। कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। आसपास खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। माहौल बिगड़ते ही भारी पुलिसबल ने मामला शांत कराने का प्रयास किया।

हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने खेत के मालिक पर गोकशी करने का आरोप लगाया। पुलिस जाँच में भी सामने आया कि कब्रिस्तान से सटे खेत में गोवंश के अवशेषों को टीन का घेरा बनाकर छिपाया हुआ था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, खेत का मालिक स्थानीय निवासी शाकिर है। कार्यकर्ताओं ने शाकिर और उसके साथी की गिरफ्तारी की माँग की। उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया।

शुरुआती जाँच में पुलिस अधिकारियों पर आरोप सिद्ध होने के बाद संयुक्त पुलिस आयुक्त (JCP) आशुतोष कुमार ने बिल्हौर स्टेशन हाउस ऑफिसर अशोक कुमार सरोज, चौकी प्रभारी प्रेमवीर सिंह, बीट ऑफिसर आफताब आलम और हेड कॉन्सटेबल दिलीप गंगवार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।

JCP आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले में एक FIR दर्ज की गई है, जिसकी जाँच के लिए टीमों का गठन किया गया है। वहीं इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए PAC के जवानों को तैनात किया गया है।