पाकिस्तानी नागरिक अब नहीं जा सकेंगे अमेरिका, वीजा प्रक्रिया पर ट्रंप ने लगाई रोक: बांग्लादेश-ईरान-रूस समेत 75 देशों पर लागू

अमेरिका ने 75 देशों के लिए वीजा प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। इनमें पाकिस्तान, बांग्लादेश, ईरान और रूस भी शामिल है। वीजा प्रक्रिया पर रोक 21 जनवरी 2026 से लागू हो जाएगी। यह कदम ट्रंप सरकार के सार्वजनिक लाभ लेने वाले अप्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उठाया गया है।

अमेरिका के विदेश विभाग ने कहा कि वह 75 देशों से आने वाले लोगों के लिए अप्रवासी (Immigrant) वीजा की प्रक्रिया को फिलहाल रोक रहा है। विभाग के मुताबिक, इन देशों से आने वाले कई लोग अमेरिका पहुँचते ही सरकारी मदद (वेलफेयर) पर निर्भर हो जाते हैं, जो अमेरिका के लोगों पर बोझ डालता है।

विदेश विभाग ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि यह रोक तब तक जारी रहेगी, जब तक यह तय नहीं हो जाता कि नए प्रवासी अमेरिका के लोगों के पैसों पर निर्भर नहीं होंगे। इस फैसले से सोमालिया हैती, ईरान और इरिट्रिया जैसे कई देश प्रभावित होंगे। विभाग का कहना है कि इन देशों से आने वाले प्रवासी अक्सर अमेरिका पहुँचने के बाद सरकारी मदद लेने लगते हैं।

अमेरिकी विदेश विभाग ने यह भी कहा कि वह यह सुनिशिचित करना चाहता है कि अमेरिकी लोगों की उदारता का अब गलत इस्तेमाल न हो।