कनाडा में पंजाबी बिजनेसमैन की हत्या, फार्म हाउस के पास हमलावरों ने गोलियों से भूना: घटनास्थल पर मिली जली हुई कार, पुलिस ने CCTV फुटेज देख शुरू की जाँच

कनाडा के सरे शहर में मंगलवार (13 जनवरी 2026) को एक और पंजाबी कारोबारी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तरनतारन (पंजाब) के रहने वाले मशहूर बिजनेसमैन बिंदर गरचा को उनके फार्म हाउस के पास दोपहर करीब 12 बजे गोलियों से भून दिया गया। हमलावर वारदात को अंजाम देकर तुरंत फरार हो गए और बिंदर गरचा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मूल रूप से तरनतारन के गाँव मूलो बेदियाँ के रहने वाले बिंदर लंबे समय से कनाडा में सरे के निवासी थे। वे एक सफल कारोबारी थे और स्टूडियो-12, इमिग्रेशन सर्विस और लिमोजिन कंपनी के मालिक थे। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी और तीन बच्चे हैं।

कनाडा पुलिस की स्पेशल टीम (IHIT) इस हाई-प्रोफाइल मर्डर की जाँच कर रही है। पुलिस को वारदात वाली जगह के पास से एक जली हुई गाड़ी मिली है, जिसे हमलावरों से जोड़कर देखा जा रहा है।

पुलिस के हाथ घटना का CCTV फुटेज भी लगा है। हालाँकि, अभी तक हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है और न ही किसी की गिरफ्तारी हुई है। इस घटना से कनाडा में रह रहे पंजाबी समुदाय में शोक और डर का माहौल है।