पाकिस्तानियों की समुद्र के रास्ते भारत में घुसने की कोशिश नाकाम: अरब सागर में पकड़ी गई ‘अल-मदीना’ नाव, 9 लोग हिरासत में

इंडियन कोस्ट गार्ड ने बुधवार (14 जनवरी 2026) की रात एक सतर्क अभियान के तहत पाकिस्तान की समुद्र से घुसपैठ करने की साजिश को नाकाम कर दिया। अरब सागर में नियमित गश्त के दौरान कोस्ट गार्ड की नजर इंटरनेशनल मैरीटाइम बाउंड्री लाइन के पास भारतीय जलक्षेत्र में घुसी एक पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नाव ‘अल मदीना’ पर पड़ी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जब कोस्ट गार्ड के जहाज ने उस नाव को चुनौती दी, तो वह तुरंत पाकिस्तान की दिशा में भागने की कोशिश करने लगी, जिससे उसके इरादों पर संदेह और गहरा गया।

कोस्ट गार्ड के जहाज ने तेजी से कार्रवाई करते हुए नाव का पीछा किया। अँधेरे का सहारा लेकर भागने की कोशिश कर रहे पाकिस्तानी चालक दल के सदस्य घबरा गए, लेकिन भारतीय जहाज ने उन्हें भारतीय जलक्षेत्र के भीतर ही रोक लिया।

इसके बाद कोस्ट गार्ड के जवान नाव पर चढ़े और पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया। जब्त की गई नाव की पहचान ‘अल-मदीना’ के रूप में हुई है, जिस पर कुल 9 पाकिस्तानी नागरिक सवार थे। सभी को हिरासत में लेकर नाव समेत गुजरात के पोरबंदर लाया जा रहा है। यहाँ सुरक्षा और खुफिया एजेंसियाँ नाव की गहन तलाशी लेंगी और चालक दल से संयुक्त पूछताछ की जाएगी।