बरेली में हैदरी दल का मास्टरमाइंड मुहम्मद मजहर अंसारी गिरफ्तार, मोमोज बेचते हुए रखता था लड़कियों पर नजर: सोशल मीडिया पर हजारों मुस्लिम फॉलोवर

बरेली में सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और फेक न्यूज फैलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हैदरी दल के कथित मास्टरमाइंड मुहम्मद मजहर अंसारी को कोतवाली पुलिस ने पुराना रोडवेज के पास से गिरफ्तार किया है। वह कई प्लेटफॉर्म पर हैदरी दल के नाम से अकाउंट चलाकर नफरत फैला रहा था।

मजहर अंसारी हैदरी दल का सोशल मीडिया अकाउंट संभालता था और गैंग को लड़कियों की ‘टिप’ देता था। इसके बाद हैदरी दल लड़कियों को प्रताड़ित करता था और उनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करता था।

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उसका फोन चेक किया तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। मजहर ने हैदरी दल के अकाउंट्स का नाम बदलकर ‘आइज ऑन मुस्लिम गर्ल्स’ रख लिया था। इससे पहले भी उसने कई बार अकाउंट्स के नाम बदले थे। पुलिस को उसके फोन से बरेली उपद्रव और अधिकारियों की बाइट वाले एडिटेड वीडियो मिले।

आरोपित मूल रूप से झारखंड के गिरीडीह जिले के चंपादाह गांव का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि उसने गाँव में ही 10वीं तक पढ़ाई की। उसके अब्बू खेती करते हैं, तीन भाई हैं और वह दूसरा नंबर है।

मजहर की नौकरी की कहानी भी दिलचस्प है। पहले वह बैंगलुरू के घुटाली में प्लेस कैफे रेस्टोरेंट में मोमोज बनाने का काम करता था। अप्रैल तक वहाँ रहा, फिर अक्टूबर में आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में हेल्पर बना। चार दिसंबर से दिल्ली में जमालुद्दीन की दुकान पर मोमोज बेच रहा था।

पुलिस जाँच में पता चला कि मजहर अन्य घटनाओं की पुरानी वीडियो एडिट करके समाचार की शक्ल देता और पोस्ट करता था, ताकि लोग उसे असली न्यूज समझें। इससे सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने की कोशिश की जा रही थी।

हैदरी दल का मामला क्या है?

ईद के दिन से चर्चा में आए हैदरी दल के नाम पर मुस्लिम युवक ही मुस्लिम युवतियों को प्रताड़ित करते, अभद्रता करते और वीडियो बनाकर उनकी निजता भंग करते थे। बरेली के गाँधी उद्यान में इसकी शुरुआत हुई, लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाई।

आशुतोष शिवम, सीओ प्रथम ने कहा, “हैदरी दल के मास्टरमाइंड को कोतवाली पुलिस ने पुराना रोडवेज से गिरफ्तार किया है। उसके फोन से कई अकाउंट्स संचालित मिले हैं। जिनसे वह भड़काऊ वीडियो पोस्ट करता था। आरोपित को गिरफ्तार का न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।”

पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है।