उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हसनगंज कोतवाली क्षेत्र में BAPSA संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा ABVP से जुड़े एक छात्र के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियाँ देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित ने थाना प्रभारी को शिकायती पत्र देकर FIR दर्ज करने की माँग की है।
ऑपइंडिया को मिली जानकारी के अनुसार, प्रत्युष पांडेय शोध छात्र हैं और वह लखनऊ विश्वविद्यालय में अंग्रेजी विभाग से नव विवि प्रशासनिक भवन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान BAPSA संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तथा उकसाने वाले नारे लगाने शुरू कर दिए। आरोप है कि आरोपितों ने ब्राह्मणवाद, ठाकुरवाद और अन्य जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए प्रार्थी पर गंभीर आरोप लगाए।
प्रत्युष पांडेय ने अपनी शिकायत में लिखा है, “BAPSA के कार्यकर्ता उकसाऊ नारे लगाते हुए आए और यह कहकर कि ABVP का अध्यक्ष है और ब्राह्मण है। इस सा** को मारो कहते हुए मुझपर हमला कर दिया।” घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ अन्य छात्रों और पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर प्रार्थी की जान बचाई। हालाँकि, इस दौरान प्रार्थी के कपड़े फट गए और उसे चोटें भी आईं।
प्रार्थी का आरोप है कि इस हमले में BAPSA के अध्यक्ष शीलू दास समेत करीब 20 अन्य लोग शामिल थे। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जाँच कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की माँग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत की जाँच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

