महाराष्ट्र में हुए नगर निकाय चुनावों के नतीजों में नागपुर महानगर पालिका चुनाव में नागपुर हिंसा मामले के मुख्य आरोपित फहीम शमीम खान की बीवी अलीशा खान ने AIMIM के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए भाजपा उम्मीदवार को 1850 मतों से हराया। अलीशा खान को कुल 9295 वोट मिले। दिलचस्प बात है कि इस सीट पर हिंदू बहुसंख्यक हैं और दावा किया गया है कि अलीशा को वोट देने के लिए मस्जिदों से ऐलान किया गया था।
यहाँ से कुल चार पार्षद चुने जाने थे। इनमें से तीन सीटों पर AIMIM के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की जबकि भाजपा को एक अनुसूचित जाति (SC) आरक्षित सीट पर सफलता मिली। पिछले चुनाव में इसी प्रभाग से भाजपा ने तीन और कॉन्ग्रेस ने एक सीट जीती थी लेकिन इस बार राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल गए।
इस वार्ड की कुल आबादी लगभग 64,500 है, जिसमें करीब 31 हजार हिंदू, 24 हजार मुस्लिम और 9,500 दलित मतदाता शामिल हैं। चुनाव में मुस्लिम बहुल इलाकों में मतदान प्रतिशत 65 % से अधिक रहा जबकि हिंदू बहुल क्षेत्रों में यह करीब 40 % रहा था।

