गणतंत्र दिवस पर खुफिया एजेंसियों ने आतंकी हमले का अंदेशा जताया है। खुफिया एजेंसियों का इनपुट है कि दिल्ली समेत देश के कई बड़े शहरों को निशाना बनाया जा सकता है। इसके लिए खालिस्तानी आतंकी, जैश ए मोहम्मद और अलकायदा जैसे आतंकी संगठन साजिश रच रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी करते हुए यह भी कहा कि पंजाब के गैंगस्टर अब विदेशों में बैठे खालिस्तानी और कट्टरपंथी हैंडलरों के साथ हाथ मिला रहे हैं। ये गैंगस्टर हरियाणा, दिल्ली NCR, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी सक्रिय हैं। 26 जनवरी 2026 को यह कुछ बड़ा प्लान करने की साजिश में हैं।
खुफिया एजेंसियों ने बताया कि बीते साल 2025 में फरीदाबाद समेत जगह-जगह छापेमारी कर 300 किलो विस्फोटक बरामद हुआ था। ऐसा ही 300 किलो विस्फोटक अभी बरामद होना बाकी है। आशंका है कि यह विस्फोटक दिल्ली NCR क्षेत्र में ही छिपाया गया है। यह भी सामने आया कि नवंबर 2025 में लाल किला के पास आत्मघाती हमला 26 जनवरी 2026 का ही रिहर्सल या असफल प्रयास था।
गणतंत्र दिवस पर इस अलर्ट के मद्देनजर राजधानी दिल्ली में मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। इस बार सेंट्रल एजेंसियों, दिल्ली पुलिस, अर्धसैनिक बलों ने सुरक्षा में काफी बदलाव किए हैं। AI से लेकर सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी की जाएगी।

