उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बेलहरी गाँव में अवैध रूप से निर्मित मजार को बुलडोजर से ढहा दिया है। एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज के निर्देश पर मंगलवार (20 जनवरी 2026) को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में न सिर्फ मजार, बल्कि उसके पास बने एक अवैध कमरे को भी मलबे में तब्दील कर दिया गया।
प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई राजस्व अभिलेखों में दर्ज ‘नवीन परती’ भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने के लिए की गई है। कार्रवाई के दौरान इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और पुलिस चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद दिखी।
पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब ग्रामीणों ने शिकायत की कि सालों पहले ‘पेरा बाबा’ नाम के एक सनातन धर्म के अनुयायी की समाधि को मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने अवैध तरीके से मजार का रूप दे दिया था। यह जमीन 32 साल पहले चार स्थानीय लोगों को पट्टे पर दी गई थी, लेकिन धीरे-धीरे इस पर कब्जा कर लिया गया।
हिंदू संगठनों और जमीन के असली मालिकों की आपत्ति के बाद जब जाँच हुई, तो कब्जा अवैध पाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई किसी धार्मिक भावना को ठेस पहुँचाने के लिए नहीं, बल्कि सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए की गई है। हिंदू संगठनों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे न्यायपूर्ण बताया है।

