संभल हिंसा के मास्टरमाइंड सारिक साठा के घर पर लगा कुर्की का नोटिस, चेतावनी के बावजूद भी कोर्ट में नहीं हुआ था पेश

उत्तर प्रदेश के संभल में हुई हिंसा के मास्टरमाइंड और देश के सबसे बड़े ऑटो लिफ्टर शारिक साठा की मुश्किलें अब और बढ़ने वाली हैं। कोर्ट ने शारिक के दीपा सराय स्थित घर की कुर्की का वारंट जारी कर दिया है, जिसके बाद पुलिस ने उसकी संपत्ति जब्त करने की तैयारी पूरी कर ली है।

ASP कुलदीप सिंह के मुताबिक, शारिक लगातार फरार चल रहा है और कोर्ट की चेतावनी के बावजूद उसने सरेंडर नहीं किया। पुलिस ने अब मजिस्ट्रेट टीम के गठन के लिए SDM को पत्र लिखा है, जिसके बाद जल्द ही कुर्की की तारीख तय कर आरोपित के घर पर ढोल नगाड़ों के साथ जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शारिक साठा 2024 की संभल हिंसा के बाद से ही SIT की रडार पर है, लेकिन वह 2020 से ही फर्जी पासपोर्ट के जरिए दुबई फरार बताया जा रहा है। वह इतना शातिर अपराधी है कि हर साल लगभग 300 गाड़ियाँ चोरी करता था।

दिल्ली जेल से छूटने के बाद से वह पुलिस को चकमा दे रहा है। SIT ने उसके गैंग के तीन सदस्यों को पहले ही जेल भेज दिया है, लेकिन शारिक की गिरफ्तारी न होने पर अब उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की भी तैयारी है। पुलिस उन मददगारों की भी तलाश कर रही है जो उसे विदेश में रहकर आर्थिक या कानूनी सहायता पहुँचा रहे हैं।