दीपक को आत्महत्या के लिए उकसाने वाली मुस्लिम लीग की शिमजिता मुस्तफा गिरफ्तार, बस में कथित छेड़छाड़ का वीडियो किया था वायरल

केरल के कोझीकोड से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के झूठे आरोपों और ऑनलाइन ट्रोलिंग ने एक मासूम की जान ले ली। पुलिस ने इस मामले की मुख्य आरोपित शिमजीता मुस्तफा को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तारी के बाद उसे स्थानीय मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहाँ से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, आरोपित महिला पर 41 वर्षीय दीपक को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और उसे खुदकुशी के लिए मजबूर करने का गंभीर आरोप है।

पुलिस ने वह वीडियो और डिजिटल सबूत भी जब्त कर लिए हैं, जिसके जरिए पीड़ित को सार्वजनिक रूप से बदनाम किया गया था। मामले की शुरुआत तब हुई जब दीपक काम पर जाने के लिए कन्नूर से एक भीड़भाड़ वाली बस में सवार हुए।

बस में भीड़ के कारण दीपक का हाथ गलती से पीछे खड़ी इन्फ्लुएंसर शिमजीता से टच हो गया। उस वक्त शिमजीता कुछ नहीं बोली, लेकिन बाद में उसने वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर दीपक पर ‘छेड़खानी’ का झूठा आरोप लगा दिया।

यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया और करीब 20 लाख लोगों ने दीपक को ट्रोल करना शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि इस सार्वजनिक अपमान और इन्फ्लुएंसर के जरिए दी जा रही लगातार धमकियों से टूटकर दीपक ने आत्महत्या कर ली। अब पुलिस इस बात की भी जाँच कर रही है कि क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल था।